वृंदावन में गिरा दरख्त, पुलिसकर्मी समेत कई श्रद्धालु घायल

-लोक निर्माण विभाग ने कर दिया गड्डा, हो गई थी जड़ें खोखली
मथुराः वृंदावन छटीकरा मार्ग स्थित नंदनवन के सामने मुख्य मार्ग पर गुरुवार दोपहर में एक दरख्त (नीम का पेड) अचानक धराशाई हो गया। इसके नीचे दब जाने से एक यातायात पुलिसकर्मी समेत कई श्रद्धालु भी घायल हो गए। इसका असर यातायात पर भी पड़ा। ट्रैफिक पुलिस ने इस ओर आने वाले सभी मार्गाें पर वाहनों की आवाजाही रोक दी और दूसरे मार्गाें से होकर वाहनों को निकाला गया। घायल सिपाही को आगरा उपचार के लिए भेजा गया है।
वृंदावन में छटीकरा मार्ग पर लोक निर्माण विभाग सड़क निर्माण कार्य कर रहा है। यहां नंदनवन के सामने एक दरख्त (नीम का पेड) भी है। इसके पास लोक निर्माण विभाग ने गड्डा खोद दिया। इससे नीम के पेड़ की जड़ें खोखली हो गई और दोपहर में वह अचानक गिर गया। जिस समय यह हादसा हुआ, उस समय वहां यातायात पुलिसकर्मी रोहित की ड्यूटी पर मौजूद थे। गुरूग्राम निवासी बृजेश और महेश गुप्ता अलग अलग कार में थे। महेश गुप्ता के साथ उनकी पुत्रवधु गुड्डन बेटी चोली भी बैठी हुईं थीं। कार सवारों को कम चोट आई, लेकिन उनकी कारों क्षतिग्रस्त हो गई। मगर, पुलिसकर्मी रोहित कुमार घायल हो गए और उनके पैर में गंभीर चोट आई। उनको संयुक्त जिला अस्पताल लाया गया। हालत गंभीर होने पर उनको उपचार के लिए आगरा भेजा गया है। बृजेश कुमार ने बताया, वह गुरूग्राम से श्रद्धालुओं को लेकर आए ोि और बांके बिहारी मंदिर छोड़कर वापस आ रहे थे। तभी अचानक पेड़ कार के ऊपर गिर गया। कार से कूद कर उन्होंने अपनी जान बचाई। इधर, पेड़ के गिरने से यातायात प्रभावित हो गया। यातायात प्रभारी निरीक्षक शार्य कुमार ने रूकमणि विहार, प्रेम मंदिर, संयुक्त अस्पताल और इस ओर जाने वाले सभी मार्गाें पर यातायात को बंद करवाया। वाहनों को अन्य मार्गाें से होकर निकाला गया।
-विभाग के द्वारा गड्डा खोदने से कोई पेड़ गिरा, इसकी उनको कोई जानकारी नहीं है, वह जानकारी कर रहे हैं।-अजय कुमार, लोक निर्माण विभाग