
मनोज चौधरी, आदित्य मंगल न्यूज :
सड़क दुर्घटना में घायल हुए होमगार्ड के स्वजन को कारागार एवं होमगार्ड राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मवीर प्रजापति ने पचास हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी। बुधवार को मंत्री घायल होमगार्ड को देखने के लिए केडी मेडिकल कालेज पहुंचे। मंत्री ने कहा, घायल होमगार्ड का बेहतर उपचार कराया जाएगा।
यातायात व्यवस्था में तैनात होमगार्ड वीरेंद्र सिंह 20 मई को अपने गांव पसौली से ड्यूटी पर आ रहे थे। जीएलए यूनिवर्सिटी के निकट हाईवे पर वह वाहन के इंतजार में खड़े हुए थे। दिल्ली की ओर से आए अज्ञात वाहन ने टक्कर मार कर उनको घायल कर दिया। घायल होमगार्ड का उपचार केडी मेडिकल कालेज में चल रहा है। घटना की जानकारी पर आज दोपहर में कारागार एवं होमगार्ड राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मवीर प्रजापति केडी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। घायल होमगार्ड के परिजनों को मंत्री ने पचास हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी। उनके साथ जेल अधीक्षक बृजेश कुमार और सीओ छाता गौरव त्रिपाठी भी मौजूद रहे। इस मौके पर मंत्री ने कहा, घायल होमगार्ड का बेहतर से बेहतर उपचार कराया जाएगा।








