वृंदावन में 13 से 19 सितंबर तक होगा स्वामी हरिदास जी का 546वां आविर्भाव महोत्सव

 

सात दिवसीय आयोजन में शोभायात्रा, ध्रुपद-धमार संगीत समारोह, भजन संध्या, महाअभिषेक और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे

वृंदावन। श्रीधाम वृंदावन में रसिक संत एवं महान संगीत साधक श्री स्वामी हरिदास जी महाराज का 546वां आविर्भाव महोत्सव 13 से 19 सितंबर तक श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। सात दिवसीय महोत्सव में धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों के साथ संगीत समारोह, शोभायात्रा, भजन संध्या, पुष्पचयन, यमुना महारानी की आरती, संत-महात्माओं का सान्निध्य और सम्मान समारोह आयोजित होंगे।

महोत्सव की तैयारियों को लेकर सोमवार को अटल्ला चुंगी स्थित बसेरा होटल में पत्रकार वार्ता हुई। महंत मोहिनी बिहारी शरण महाराज ने बताया कि आयोजन श्री स्वामी हरिदासीय रसोपासना पीठ एवं श्री स्वामी हरिदासीय राधा प्रसाद सेवा ट्रस्ट (रजि.) की ओर से श्री राधा प्रसाद धाम, गोपाल खार, परिक्रमा मार्ग में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि स्वामी हरिदास जी की भक्ति, संगीत साधना और राधा-कृष्ण उपासना की परंपरा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से महोत्सव को भव्य रूप दिया जा रहा है।

13 सितंबर को महाअभिषेक और शोभायात्रा

आचार्य बद्रीश ने बताया कि 13 सितंबर को सुबह 8 बजे स्वामी हरिदास जी महाराज का महाअभिषेक होगा। इसके बाद सुबह 9 बजे श्री ललित कुंज से श्री राधा प्रसाद धाम तक शोभायात्रा निकाली जाएगी। शाम को भजन संध्या का आयोजन होगा।

14 सितंबर को ध्रुपद-धमार संगीत समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। 15 सितंबर को सांस्कृतिक कार्यक्रम, ब्रजवासी बालक-बालिकाओं की प्रस्तुतियां और भजन संध्या होगी।

श्री कृष्ण जन्मभूमि शाही ईदगाह मस्जिद केस को लेकर छिड़ गई नई बहस 

 

546 कमल पुष्पों से होगा पुष्पचयन

स्वामी अतुल कृष्ण महाराज ने बताया कि 16 सितंबर को 546 कमल पुष्पों से पुष्पचयन के साथ यमुना महारानी की आरती काआयोजन किया जाएगा। इस दौरान संत-महात्माओं के सान्निध्य में धार्मिक कार्यक्रम और भजन संध्या भी होगी।

17 सितंबर को विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले समाजसेवियों, धार्मिक संगठनों से जुड़े लोगों, कलाकारों, साहित्यकारों और पत्रकारों का सम्मान किया जाएगा।

ध्यान मूर्ति फाउंडेशन के हरिओम शर्मा ने बताया कि 18 सितंबर को सुबह 10 बजे से विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। 19 सितंबर को विशेष धार्मिक आयोजनों, महाअभिषेक और विशाल भंडारे के साथ महोत्सव का समापन होगा।

आयोजकों ने श्रद्धालुओं से सातों दिन होने वाले कार्यक्रमों में शामिल होकर स्वामी हरिदास जी की भक्ति एवं संगीत साधना की परंपरा से जुड़ने का आह्वान किया।

पत्रकार वार्ता में विकास अग्रवाल, आचार्य अनमोल कृष्ण शास्त्री, प्रदीप अग्रवाल, मनोज, पुरुषोत्तम, आचार्य ध्रुव, बृजमोहन अग्रवाल, राहुल अग्रवाल और प्रखर अग्रवाल आदि मौजूद रहे।