मथुरा। श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह मस्जिद प्रकरण में समझौता वार्ता को लेकर शुक्रवार को स्थानीय लोक अदालत में सुनवाई होगी। यह सुनवाई सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में दोपहर तीन बजे से प्रस्तावित है। इस संबंध में हिंदू और मुस्लिम दोनों पक्षों को नोटिस जारी किए गए हैं।

हिंदू पक्षकार महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट ने बताया कि पिछले महीने के प्रथम सप्ताह में भी लोक अदालत में इस मामले पर सुनवाई हुई थी। उनके अनुसार उस दौरान हिंदू पक्षकार उपस्थित हुए थे, जबकि मुस्लिम पक्ष उपस्थित नहीं हुआ था। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने एक बार फिर दोनों पक्षों को आपसी संवाद और समझौते की संभावना तलाशने का अवसर प्रदान किया है।
हिंदू पक्षकार महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट ने बताया कि वर्तमान में यह प्रकरण इलाहाबाद हाईकोर्ट में भी विचाराधीन है। उनका कहना है कि हिंदू पक्ष का दावा है कि विवादित क्षेत्र भगवान श्रीकृष्ण के मुख्य प्राकट्य स्थल से संबंधित है और इसी आधार पर वे संबंधित भूमि से मस्जिद हटाकर वहां भव्य मंदिर निर्माण की मांग कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि इस मामले में विभिन्न न्यायालयों में कई वाद लंबित हैं और विवाद के कानूनी पहलुओं पर सुनवाई जारी है। शुक्रवार को लोक अदालत में होने वाली कार्यवाही पर सभी पक्षों की निगाहें टिकी हुई हैं।








