रामकुमार रौतेला वरिष्ठ पत्रकार
________________________________रमणरेती से निधिवन तक ई-रिक्शा और परिक्रमार्थियों के अलग-अलग रास्ते, बिजली, संचार और अन्य यूटिलिटी सेवाओं को किया जाएगा भूमिगत
– 80 करोड़ रुपये की लागत से अटल्ला चुंगी चौराहे पर बनेगा 800 मीटर लंबा फ्लाईओवर, बिना किसी व्यवधान के भक्त कर सकेंगे परिक्रमा

वृंदावन (मथुरा)। ठाकुर श्री बाँकेबिहारी जी की नगरी वृंदावन में पावन परिक्रमा मार्ग को अब नई सूरत में विकसित किया जाएगा। देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र इस परिक्रमा मार्ग को वाहन, ई रिक्शा और परिक्रमार्थियों के लिए अलग अलग सुगम और आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाए जाने की तैयारी है। मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण ने इस अवस्थापना विकास योजना को स्वीकृति दी है।
मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लक्ष्मी नागप्पन ने बताया कि वृंदावन परिक्रमा मार्ग केवल एक सड़क नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का पथ है। प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु श्री बाँकेबिहारी जी के दर्शन के साथ इस पावन लीलाभूमि की परिक्रमा करने भी आते हैं। वर्तमान में वाहनों, ई-रिक्शा और पैदल यात्रियों के एक साथ चलने से कई स्थानों पर जाम और अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। नई योजना का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है।
मुडिया पूर्णिमा मेला में लाखों लोगों ने जाना श्री कृष्ण जन्मभूमि के मंदिर को तोड़ने और मस्जिद निर्माण के पीछे का सच
उपाध्यक्ष लक्ष्मी नागप्पन ने बताया कि प्रथम चरण में रमणरेती से निधिवन तक लगभग 3.30 किलोमीटर लंबे परिक्रमा मार्ग के सुदृढ़ीकरण पर लगभग 20 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे ई-रिक्शा, वाहन और परिक्रमार्थियों के लिए अलग अलग रास्ते होंगे। फुटपाथ, सुविधा जोन भी विकसित किए जाएंगे। आरसीसी कवर ड्रेन, बिजली, संचार और अन्य यूटिलिटी सेवाओं को भूमिगत किया जाएगा।
एमवीडीए की उपाध्यक्ष लक्ष्मी नागप्पन ने बताया कि योजना के दूसरे भाग में अटल्ला चुंगी चौराहे पर लगभग 800 मीटर लंबे फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा, जिस पर लगभग 80 करोड़ रुपये खर्च होंगे। यह चौराहा वृंदावन परिक्रमा मार्ग का प्रमुख चौराहा है, जहां अधिकांश समय यातायात का दबाव बना रहता है। उन्होंने कहा कि फ्लाईओवर बनने से वाहनों का आवागमन निर्बाध होगा और परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं को बिना किसी व्यवधान के अपनी परिक्रमा पूरी करने में सुविधा मिलेगी।
…
मथुरा में जन्मस्थान के लिए दो परियोजनाएं
एमवीडीए ने वर्तमान वित्तीय वर्ष में अवस्थापना परियोजनाओं के अंतर्गत मथुरा में भी दो परियोजनाओं को स्वीकृति दी है। इसमें मछली फाटक से श्रीकृष्ण जन्मभूमि (गेट संख्या-03) तक लगभग 3.50 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड रोड का निर्माण करीब 350 करोड़ रुपये की लागत से किया जाना है। इसके अलावा मसानी कट स्थित कल्याण करोति हॉस्पिटल से रामलीला मैदान होते हुए महाविद्या कॉलोनी स्थित सीएम ग्रिड लिंक रोड तक लगभग 1050 मीटर लंबे लिंक मार्ग, पार्किंग, बाउंड्री वॉल और जनसुविधाओं का विकास किया जाएगा। इस पर करीब 70 करोड़ रुपये खर्च होंगे।








