बांके बिहारी मंदिर प्रबंधन समिति की 16वीं बैठक संपन्न, श्रद्धालु सुविधाओं और व्यवस्था सुधार पर जोर

 

मनोज चौधरी मथुरा 

——————————————वृंदावन में अतिक्रमण, यातायात, खाद्य सुरक्षा और मंदिर संपत्तियों से जुड़े मुद्दों पर हुई विस्तृत चर्चा

मथुरा, 16 जून। ठाकुर श्री बांके बिहारी जी मंदिर हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी, वृन्दावन की 16वीं बैठक सोमवार को लक्ष्मण शहीद स्मारक भवन के सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता इलाहाबाद उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति एवं समिति अध्यक्ष श्री अशोक कुमार ने की। बैठक में मंदिर प्रबंधन, श्रद्धालु सुविधाओं, यातायात व्यवस्था, अतिक्रमण नियंत्रण, खाद्य सुरक्षा तथा मंदिर संपत्तियों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में सर्वप्रथम ठाकुर श्री बांके बिहारी जी महाराज के स्वर्ण एवं रजत झूले, सिंहासन, सीढ़ी सहित अन्य धातु निर्मित धार्मिक सामग्री की मरम्मत कार्य की प्रगति रिपोर्ट पर चर्चा की गई। इसके अलावा मंदिर में सुरक्षित रखी गई पीली एवं सफेद धातुओं के मूल्यांकन तथा उन्हें अधिक सुरक्षित लॉकर में रखने संबंधी रिपोर्ट पर भी विचार किया गया।

समिति ने मंदिर परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए प्राप्त निविदाओं पर चर्चा करते हुए आवश्यक निर्णय लिए। साथ ही श्री निधिवनराज की सेवा-पूजा व्यवस्था के लिए आगामी एक वर्ष की ठेका अवधि हेतु प्राप्त निविदा पर भी विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में मंदिर भवन एवं परिसर के संरचनात्मक सर्वेक्षण के दौरान पुरातत्व विभाग द्वारा दिए गए सुझावों पर गंभीरता से चर्चा हुई। राजस्थान के कोटा जनपद में मंदिर के नाम दर्ज भूमि से संबंधित लंबित वाद की वर्तमान स्थिति की भी समीक्षा की गई।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और बेहतर प्रबंधन को प्राथमिकता देते हुए समिति ने मंदिर परिसर में पांच वर्ष से अधिक समय से तैनात पुलिसकर्मियों, उपनिरीक्षकों एवं निरीक्षकों के स्थानांतरण संबंधी कार्यवाही की प्रगति रिपोर्ट का अवलोकन किया। वहीं वृन्दावन की यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित बनाने के लिए परिवहन विभाग द्वारा की जा रही कार्यवाही की भी समीक्षा की गई।

बैठक में मंदिर के आसपास की गलियों से अतिक्रमण हटाने के लिए गठित चार विशेष टीमों की कार्यवाही रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। साथ ही खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा मंदिर क्षेत्र की दुकानों पर की गई खाद्य सामग्री की सैंपलिंग एवं जांच संबंधी प्रगति की भी समीक्षा की गई।

किसने ली श्री कृष्ण जन्मभूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की शपथ?

बैठक के दौरान अध्यक्ष न्यायमूर्ति अशोक कुमार ने अपर नगर मजिस्ट्रेट वृन्दावन राजकुमार चौधरी को श्रद्धालुओं की सुविधाओं, सुगम आवागमन तथा सुदृढ़ यातायात प्रबंधन के लिए प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए। इस पर अपर नगर मजिस्ट्रेट ने बताया कि विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की चार टीमें गठित कर 6 जून 2026 से नियमित अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत अतिक्रमण हटाने, मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई तथा नगर निगम द्वारा अवैध कब्जों को हटाने का कार्य किया जा रहा है।

अध्यक्ष ने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सतेन्द्र कुमार सिंह को अवैध एवं अनधिकृत ई-रिक्शाओं के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं सहायक निदेशक खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन धीरेंद्र प्रताप सिंह को मिलावटी एवं दूषित खाद्य पदार्थों को नष्ट कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में समिति के सदस्य के रूप में सेवानिवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री मुकेश मिश्रा, जिलाधिकारी एवं सदस्य सचिव श्री चन्द्र प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री श्लोक कुमार, नगर आयुक्त श्री जग प्रवेश, मथुरा-वृन्दावन विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन सहित राजभोग एवं शयनभोग समूह के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।