होटल-रेस्टोरेंट उद्योग की विभागीय समस्याओं एवं पर्यटन विकास पर मंथन हेतु मथुरा वृंदावन होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन की बैठक संपन्न

मनोज चौधरी

 

मथुरा वृंदावन होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन (रजि.) की एक महत्वपूर्ण बैठक श्री राधा कृष्ण के चित्रपट के समक्ष दीप प्रज्वलित कर स्थानीय होटल में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के संरक्षक के डी अग्रवाल द्वारा की गई।

बैठक में मथुरा-वृंदावन क्षेत्र के 50 से अधिक होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों ने भाग लिया। आगामी श्रावण मास, जन्माष्टमी एवं मुड़िया पूर्णिमा मेला के दृष्टिगत पर्यटकों को बेहतर सुविधा देने एवं विभागीय समस्याओं के समाधान पर गहन विचार-विमर्श किया गया।

 

बैठक में एसोसिएशन के उपाध्यक्ष अमित जैन द्वारा बताया गया की होटल उद्योग ब्रज की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, सभी का साथ, सभी का विकास, सभी का विश्वास एवं सहयोग से तीर्थ यात्रियों को विश्व स्तरीय सुविधाएं देकर मथुरा वृंदावन का गौरव बढ़ाएंगे तथा निम्न मुख्य बिंदु एवं विभागीय समस्याएं पर चर्चा एवं वार्तालाप करते हुए सुझाव दिया कि मथुरा वृंदावन नगर निगम द्वारा होटल-रेस्टोरेंट क्षेत्रों में नियमित सफाई एवं कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, व्यापारिक जल-कर एवं गृह-कर की दरों में एकरूपता लाई जाए, मनमाने तरीके से बढ़ाए गए टैक्स को वापस लिया जाए एवं लाइसेंस नवीनीकरण प्रक्रिया का सरलीकरण एवं सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया जाए।

श्री कृष्ण जन्मभूमि को मुक्त कराने की भागवताचार्य श्री इन्द्रेश जी महाराज ने ली शपथ

संरक्षक के डी अग्रवाल ने उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड संबंधित विषयों पर प्रकाश डालते हुए सुझाव दिया कि जल एवं वायु प्रदूषण संबंधी NOC की जटिल प्रक्रिया को सरल किया जाए, छोटे होटलों/ढाबों के लिए मानकों में शिथिलता दी जाए। अनावश्यक चालान की कार्रवाई पर रोक लगे, ETP/STP प्लांट की अनिवार्यता पर व्यावहारिक दिशा-निर्देश जारी हों।

 

सचिव आर बी चौधरी ने विद्युत विभाग से संबंधित कहा कि होटल उद्योग को औद्योगिक दर पर बिजली उपलब्ध कराई जाए। वर्तमान व्यापारिक दरें बहुत अधिक हैं, त्योहारों के समय अघोषित कटौती बंद हो एवं निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, मीटर रीडिंग एवं बिलिंग में पारदर्शिता रखी जाए।

 

संयुक्त सचिव ठा राजा भोज ने बताया कि अग्निशमन विभाग द्वारा फायर NOC की प्रक्रिया समयबद्ध एवं पारदर्शी हो। अनावश्यक आपत्तियों से बचें, छोटे होटल-रेस्टोरेंट हेतु फायर उपकरणों के मानकों का सरलीकरण किया जाए।

 

कोषाध्यक्ष संजीव अग्रवाल द्वारा खाद्य एवं रसद विभाग / खाद्य सुरक्षा विभाग पर प्रकाश डालते हुए बताया कि फूड लाइसेंस प्रक्रिया का सरलीकरण हो एवं निरीक्षण के नाम पर उत्पीड़न बंद हो, जागरूकता शिविर लगाकर होटल संचालकों को FSSAI मानकों की जानकारी दी जाए।

 

राजन अग्रवाल द्वारा बताया गया कि पर्यटन विभाग, उ.प्र. द्वारा मथुरा-वृंदावन को “विशेष पर्यटन क्षेत्र” घोषित कर होटल उद्योग को उद्योग का दर्जा दिया जाए, पर्यटकों की सुविधा हेतु सूचना केंद्र, पार्किंग, एवं शौचालयों की समुचित व्यवस्था हो, ब्रज तीर्थ विकास परिषद के साथ समन्वय कर होटल संचालकों को योजनाओं में भागीदार बनाया जाए।

 

विजय चतुर्वेदी ने सुझाव दिया कि “अतिथि देवो भवः” की भावना से सभी सदस्य त्योहारों के दौरान रेट में पारदर्शिता रखेंगे एवं सभी होटल-रेस्टोरेंट में सुरक्षा, स्वच्छता एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन सुनिश्चित किया जाएगा।

 

सौरभ चौधरी एवं योगेंद्र शर्मा द्वारा सुझाव देते हुए निर्णय लिया गया कि एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों से मिलकर ज्ञापन सौंपकर समस्याओं से अवगत कराएगा

 

अंत में आये सभी सदस्यों को सदस्यता प्रमाण पत्र वितरित करते हुए उपाध्यक्ष अमित जैन द्वारा सभी का धन्यवाद किया गया एवं बैठक रात्रि भोज के साथ संपन्न हुई, बैठक में दाऊ दयाल अग्रवाल गुरमुख राय परमिंदर कुमार सतीश चतुर्वेदी अजय मित्तल ध्रुव अग्रवाल के पी सिंह सुधीर चतुर्वेदी मनीष गुप्ता आदि उपस्थित रहे।