भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ आज

दीपक गोला, मथुरा

————————-

मथुरा, 1 जून। श्री कृष्ण जन्म स्थान सेवा संस्थान के तत्वावधान में श्री कृष्ण लीला महोत्सव समिति द्वारा आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव का शुभारंभ मंगलवार, 2 जून से होगा। कथा का आयोजन 2 जून से 8 जून तक किया जाएगा।

महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर मंगलवार प्रातः 7:30 बजे गोविंद नगर स्थित श्रीनाथ पैलेस, अलबेली सरकार मंदिर के सामने से भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। कलश यात्रा पोतरा कुंड मार्ग से होकर श्रीकृष्ण जन्मस्थान के गेट संख्या-1 से प्रवेश करते हुए कथा स्थल तक पहुंचेगी।

आयोजकों के अनुसार कलश यात्रा में 151 महिलाएं सिर पर मंगल कलश धारण कर शामिल होंगी। यात्रा में साधु-संतों की बड़ी टोली मृदंग और भजन-कीर्तन के साथ वातावरण को भक्तिमय बनाएगी। वहीं भगवान ठाकुर केशवदेव की दिव्य प्रतिमा आकर्षक झांकी में विराजमान होकर श्रद्धालुओं को दर्शन देगी।

समिति के मीडिया प्रभारी एवं पूर्व पार्षद दीपक गोला ने धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कलश यात्रा एवं श्रीमद्भागवत कथा में सहभागिता करने का आह्वान किया है। उन्होंने बताया कि कलश यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व प्रातः 7 बजे से श्रद्धालुओं के लिए बाल भोग प्रसादी की व्यवस्था भी की गई है।

श्रीमद्भागवत कथा के आयोजन को लेकर भक्तों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है तथा आयोजन स्थल पर तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।