मथुरा 29 मई 2026
मथुरा के थाना वृंदावन क्षेत्र में सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर एक परिवार के पांच लोगों से 36 लाख 40 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वृंदावन क्षेत्र निवासी रिंकू सिंह ने थाना वृंदावन में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उनकी पहचान दीपक राघव से हुई थी। दीपक राघव मूल रूप से सुरीर का रहने वाला है और पिछले काफी समय से वृंदावन स्थित ओमेक्स सिटी में रह रहा है। आरोपी ने खुद को ऊंची पहुंच वाला व्यक्ति बताते हुए सरकारी विभागों में नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया।
आरोप है कि दीपक राघव ने परिवार के पांच लोगों को सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर अलग-अलग समय में रकम ली। परिवार को विश्वास दिलाया गया कि जल्द ही नियुक्ति पत्र मिल जाएंगे। इसी भरोसे में पीड़ित परिवार ने कुल 36 लाख 40 हजार रुपये आरोपी को दे दिए।
काफी समय बीतने के बाद भी जब किसी की नौकरी नहीं लगी तो परिवार को शक हुआ। पीड़ित पक्ष ने आरोपी से रुपये वापस मांगे, लेकिन वह लगातार टालमटोल करता रहा। आरोप है कि बाद में आरोपी ने फोन उठाना भी बंद कर दिया।
इसके बाद पीड़ित परिवार ने थाना वृंदावन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी दीपक राघव के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा लेनदेन से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।





