मथुरा में पहली बार होगा भव्य तुलसी-शालिग्राम विवाह समारोह

शशिभानु गर्ग, संस्थापक बृजवासी सेवा समिति 

———————————–

अधिक मास में दो दिवसीय आयोजन, कर्नाटक शैली में सजेगा विवाह मंडप, कीर्ति किशोरी जी की भजन संध्या रहेगी आकर्षण

मथुरा, 22 मई। अधिक मास के पुण्य अवसर पर बृजवासी सेवा समिति द्वारा पहली बार भव्य स्तर पर दो दिवसीय तुलसी-शालिग्राम विवाह समारोह का आयोजन किया जा रहा है। आगामी 26 एवं 27 मई को आयोजित होने वाले इस धार्मिक आयोजन में देश की प्रसिद्ध आध्यात्मिक धर्म प्रचारक कीर्ति किशोरी जी की भजन संध्या एवं मंगल गायन मुख्य आकर्षण रहेगा।

स्थानीय होटल में आयोजित समिति की कोर ग्रुप बैठक में समिति संस्थापक शशिभानु गर्ग ने बताया कि अधिक मास के धार्मिक महत्व को ध्यान में रखते हुए मथुरा में पहली बार इतने बड़े स्तर पर तुलसी-शालिग्राम विवाह कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि विवाह के लिए कर्नाटक शैली में विशेष फेरा मंडप तैयार किया जा रहा है, जिसकी ऊंचाई 24 फुट एवं चौड़ाई वर्गाकार होगी। मंडप और संपूर्ण विवाह परिसर खंडेलवाल सेवा सदन को विदेशी कलियों और फूलों से सजाया जाएगा। इसके लिए कर्नाटक के कारीगर एक सप्ताह पूर्व से ही दिन-रात तैयारियों में जुटे हुए हैं।

समिति अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल एवं मंत्री अनूप अग्रवाल ने बताया कि विवाह समारोह पूर्ण वैदिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया जाएगा। पहले दिन लगुन, सगाई, मेहंदी, हल्दी एवं महिला संगीत जैसे कार्यक्रम होंगे, जबकि दूसरे दिन ठाकुर जी की बारात, द्वार टीका, भजन मंगल गायन, वरमाला, फेरे, कन्यादान, पलकााचार एवं प्रतिभोज जैसे मांगलिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि तुलसीजी के लड़की पक्ष की जिम्मेदारी समिति के पूर्व अध्यक्ष कृष्ण गोपाल अग्रवाल एवं बबीता अग्रवाल ने संभाली है, जबकि शालिग्राम जी के लड़का पक्ष की जिम्मेदारी संदीप अग्रवाल एवं पारुल अग्रवाल द्वारा निभाई जाएगी।

मुख्य कार्यक्रम संयोजक दीपक सुतिया तथा कार्यक्रम संयोजक संदीप वर्मा ने बताया कि नाथद्वारा के कारीगरों द्वारा ठाकुर शालिग्राम जी की बारात के लिए विशेष फूलों की पालकी तैयार की जा रही है। बारात में महाराष्ट्र के पारंपरिक वाद्य यंत्रों से सुसज्जित टीम भक्ति रस की प्रस्तुति देगी। वहीं बरातियों के स्वागत के लिए छप्पन भोग प्रसादी की विशेष व्यवस्था भी की जा रही है।

बैठक में विनोद अग्रवाल, सुनील सुतिया, आशीष गर्ग, संदीप अग्रवाल, पंकज अग्रवाल, पराग गुप्ता एवं सचिन चौधरी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता मुकेश अग्रवाल एवं संचालन अनूप अग्रवाल द्वारा किया गया।