वृंदावन की बैठक में सामाजिक सम्मान, संगठन मजबूती और सदस्यता अभियान पर हुआ मंथन
करणी सेना की ओर से मंगलवार को वृंदावन स्थित प्रेम रतन रेजिडेंसी में आयोजित बैठक में संगठन विस्तार, युवाओं की भागीदारी और आगामी रणनीति को लेकर व्यापक चर्चा की गई। आगरा, अलीगढ़, हाथरस और मथुरा से पहुंचे पदाधिकारियों ने संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाने पर जोर दिया।
बैठक में वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि आने वाले समय में संगठन गांव-गांव तक पहुंच बनाकर सदस्यता अभियान को तेज करेगा। युवाओं को सामाजिक मुद्दों से जोड़ने और समाज के सम्मान, स्वाभिमान एवं अधिकारों की आवाज को मजबूत करने पर विशेष बल दिया गया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरजपाल अंबूजी ने कहा कि संगठन केवल एक मंच नहीं, बल्कि समाज के सम्मान की आवाज है। उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से संगठन को नई ऊर्जा मिल रही है और आने वाले दिनों में विभिन्न जिलों में जनसंपर्क अभियान चलाए जाएंगे।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कुंवर दिग्विजय सिंह ने संगठन की मजबूती को उसकी एकजुटता से जोड़ते हुए कार्यकर्ताओं से अनुशासन और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज हित के मुद्दों पर सभी को एक मंच पर आना होगा।
महानगर अध्यक्ष संजय सिंह ने मथुरा-वृंदावन क्षेत्र में संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने की बात कही। वहीं ओबीसी मोर्चा जिला अध्यक्ष नवीन चौधरी ने सामाजिक एकता को संगठन की सबसे बड़ी ताकत बताया।
बैठक में सदस्यता अभियान, आगामी कार्यक्रमों और क्षेत्रीय स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों को बढ़ाने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। कार्यक्रम का समापन समाज सेवा और संगठन को नई दिशा देने के संकल्प के साथ हुआ।
इस दौरान गौरव चौहान, भारती सिसोदिया, आशीष चौहान, वीरू भदोरिया, जगमोहन मालवीय, कार्तिक सिसोदिया, राहुल सिंह, जय सिंह, विदुषी सिंह, राजश्री तोमर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।