मथुरा में अब रविवार को भी खुलेंगे उप निबंधक कार्यालय

 

मथुरा, 08 मई 2026।

राजस्व लक्ष्य प्राप्ति को लेकर जिलाधिकारी का बड़ा फैसला, आमजन को मिलेगी पंजीकरण सुविधा

जनपद में अब रविवार के सार्वजनिक अवकाश के दिन भी उप निबंधक कार्यालय खुले रहेंगे। शासन द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित राजस्व लक्ष्य की सतत प्राप्ति को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह

एआईजी स्टाम्प अर्पिता शर्मा पाण्डेय ने जानकारी देते हुए बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद के सभी उप निबंधक कार्यालय आगामी आदेशों तक प्रत्येक रविवार को सामान्य कार्य दिवस की तरह संचालित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि सभी उप निबंधकों को निर्देशित किया गया है कि रविवार को कार्यालय पूर्ण रूप से खुला रखते हुए आमजन द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों का अधिक से अधिक संख्या में पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को सुविधा मिल सके और पंजीकरण कार्य प्रभावित न हो।

प्रशासन के इस निर्णय से संपत्ति पंजीकरण कराने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। अब अवकाश के दिन भी लोग अपने दस्तावेजों का पंजीकरण करा सकेंगे।