मथुरा में घी व खाद्य तेलों पर छापा, 11 नमूने भरे

मनोज चौधरी, मथुरा 

 

 

खाद्य सुरक्षा विभाग का विशेष अभियान, जांच को भेजे गए सैंपल

आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जनपद में घी एवं खाद्य तेलों के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश लखनऊ तथा जिलाधिकारी मथुरा के निर्देश पर संचालित किया गया।

सहायक आयुक्त (खाद्य) धीरेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के निर्देशन में विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने अलग-अलग ब्राण्ड के घी एवं खाद्य तेलों के नमूने संग्रहित किए।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी भरत सिंह ने कोतवाली रोड से फॉर्च्यून ब्राण्ड कच्ची घानी सरसों का तेल तथा गोवर्धन ब्राण्ड प्योर काउ घी का नमूना लिया। मोहर सिंह कुशवाह ने कस्बा सौंख से स्कूटर ब्राण्ड रिफाइण्ड सोयाबीन ऑयल, कोतवाली रोड से पिंकसिटी कच्ची घानी सरसों तेल तथा गोवर्धन से गुलाब प्लेटिनम मूंगफली तेल का नमूना संग्रहित किया।

राम नरेश खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बल्देव रोड स्थित लक्ष्मीनगर क्षेत्र से विभोर ब्राण्ड रिफाइण्ड सोयाबीन ऑयल एवं पिंकसिटी ब्राण्ड ग्राउण्ड नट ऑयल के नमूने लिए। जितेन्द्र सिंह ने कोसीकलां क्षेत्र से राग गोल्ड रिफाइण्ड पामोलीन ऑयल एवं बेस्ट चॉयस सोयाबीन ऑयल के नमूने संग्रहित किए।

इसके अलावा दलवीर सिंह द्वारा कोसीकलां से नाइस एन लाइट ब्राण्ड फैट स्प्रेड तथा अरुण कुमार द्वारा बाजना क्षेत्र से चांसलर ब्राण्ड सरसों तेल का नमूना लिया गया।

अभियान के दौरान कुल 11 नमूने संग्रहित किए गए, जिन्हें जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित मामलों में विधिक कार्रवाई की जाएगी।