जनगणना-2027: मकान सूचीकरण व स्व-गणना को लेकर अधिकारियों का प्रशिक्षण

अड़ींग में ‘बर्ड रिवाइवल मॉडल’ की सफलता, अब हर गली में उड़ रही गौरैया7 से 21 मई तक ऑनलाइन स्व-गणना, 22 मई से 20 जून तक होगा मकानों की गणना का कार्य

मथुरा, 06 मई 2026।

जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण, मकानों की गणना एवं स्व-गणना को लेकर महत्वपूर्ण बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें जनपद के सभी चार्ज अधिकारियों को पीपीटी के माध्यम से प्रशिक्षण दिया गया।

जिलाधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश में 7 मई से 21 मई 2026 तक आमजन स्व-गणना पोर्टल के माध्यम से अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद 22 मई से 20 जून 2026 के बीच मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य किया जाएगा।

 

उन्होंने कहा कि जनगणना-2027 के सुचारू, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण संचालन के लिए कार्मिकों का प्रशिक्षण कैस्केड मॉडल के तहत किया जा रहा है। साथ ही स्व-गणना को लेकर व्यापक प्रचार-प्रसार और लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से मोबाइल एप के जरिए संपन्न होगी, जिससे पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित होगी। जनगणना दो चरणों में होगी, जिसमें पहले चरण में आवास सूचीकरण व मकानों की नंबरिंग तथा दूसरे चरण में जनसंख्या की गणना की जाएगी।

उन्होंने कहा कि पहली बार नागरिकों को स्व-गणना का विकल्प दिया गया है, जिसमें 33 प्रश्नों के उत्तर भरने होंगे। आमजन स्वयं, परिवार के सदस्य या जन सेवा केंद्र के माध्यम से यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। उन्होंने जनगणना को राष्ट्रीय महत्व का कार्यक्रम बताते हुए कहा कि इसके आंकड़ों के आधार पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं बनाई जाती हैं।

जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने कर्मचारियों और संबंधित लोगों को स्व-गणना के लिए प्रेरित करें। साथ ही कोटेदार, ग्राम सचिव, प्रधान, पुलिस कर्मी, होमगार्ड, पीआरडी जवान, सिविल डिफेंस, व्यापारी, उद्यमी, शिक्षक आदि को भी इसमें सहभागिता के लिए जागरूक किया जाए। जनप्रतिनिधियों से भी स्व-गणना कराने पर जोर दिया गया।

उन्होंने निर्देशित किया कि स्व-गणना से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में त्रुटिरहित एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जाएं, ताकि जनपद में यह अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ. पंकज कुमार वर्मा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमरेश कुमार, अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार, नगर मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।