मुकेश शर्मा, मथुरा
मथुरा। उत्तर प्रदेश सरकार के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य 13 मई को फरह क्षेत्र स्थित गऊ ग्राम परखम पहुंचकर दीनदयाल गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र में संचालित विभिन्न प्रकल्पों का लोकार्पण करेंगे। यह कार्यक्रम दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के तत्वावधान में आयोजित किया जाएगा।
रविवार को गऊ ग्राम परखम में आयोजित बैठक में समिति के मंत्री हरिशंकर शर्मा ने जानकारी दी कि कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 10:30 बजे हवन, गृह प्रवेश एवं भूमि पूजन से होगी। इसके उपरांत अपरान्ह 1 बजे नवधा सभागार में उप मुख्यमंत्री द्वारा औपचारिक लोकार्पण किया जाएगा।
भव्य बनाएंगे मथुरा में श्री कृष्ण जन्मभूमि पर मंदिर: महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट
कार्यक्रम में धार्मिक और आध्यात्मिक क्षेत्र की प्रतिष्ठित विभूतियां भी उपस्थित रहेंगी। निरंजन पीठाधीश्वर स्वामी कैलाशानन्द गिरि एवं अंतरराष्ट्रीय कथा मर्मज्ञ विजय कौशल महाराज का आशीर्वचन भी प्राप्त होगा।
उप मुख्यमंत्री द्वारा छात्राओं के हॉस्टल, पं. दीनदयाल उपाध्याय पशु चिकित्सालय, स्टूडियो एवं हर्बल गार्डन का लोकार्पण किया जाएगा। साथ ही कन्वेंशन सेंटर एवं स्टाफ क्वार्टर के निर्माण हेतु भूमि पूजन भी किया जाएगा। इसके अतिरिक्त बुनकर केंद्र में स्थापित नवीन मशीन का पूजन कार्यक्रम भी आयोजित होगा।
कार्यक्रम की विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं। भोजन व्यवस्था शिवकुमार शर्मा, जगमोहन पाठक, महिपाल, नत्थीलाल और अमित जैन संभालेंगे। पूजन व्यवस्था की जिम्मेदारी राकेश शर्मा को सौंपी गई है, जबकि अतिथि आसन व्यवस्था शशिकांत, विनीत शर्मा, मनोज और राम पाठक देखेंगे। मंच व्यवस्था चंद्रशेखर एवं मीडिया प्रबंधन मुकेश शर्मा के जिम्मे रहेगा। अन्य व्यवस्थाओं में गोविंद, देवेंद्र प्रताप सिंह, ब्रजेश, नरेंद्र पाठक, उमेश शर्मा और जगदीश सक्रिय रहेंगे।
बैठक में अखिल भारतीय गौ सेवा गतिविधि, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संयोजक अजीत महापात्र, गौशाला समिति के सदस्य डॉ. अनुराग शर्मा, अकादमिक समिति के उपाध्यक्ष डॉ. केएमएल पाठक सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








