कंस किला, संत रविदास आश्रम और नानक बगीची के सौंदर्यीकरण की तैयारी

रामकुमार रौतेला, वरिष्ठ पत्रकार 

 

 

– उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की सीईओ ने किया धार्मिक व ऐतिहासिक स्थलों का निरीक्षण

 

मथुरा। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद अब श्रीकृष्ण जन्म स्थान के निकट स्थित प्रमुख स्थल संत रविदास आश्रम, नानक बगीची और कंस किला के सौंदर्यीकरण की विस्तृत योजना तैयार करने पर विचार कर रहा है। इस उद्देश्य से परिषद की मुख्य कार्यपालक अधिकारी लक्ष्मी नागप्पन ने मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण के इंजीनियरों के साथ इन स्थलों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान परिषद की मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने साफ-सफाई, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, पर्यटक सुविधाओं के विस्तार और सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखते हुए आधुनिक सुविधाएं विकसित करने की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। मसानी रोड स्थित संत रविदास आश्रम की स्थिति काफी जीर्णशीर्ण पाई गई, जिस पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता जताई गई। वहीं नानक बगीची में प्रस्तावित विकास कार्यों को लेकर स्थानीय प्रबंधन से बातचीत की गई। यहां खाली पड़ी भूमि पर पार्किंग, जनसुविधा केंद्र, प्रथम तल पर सत्संग भवन तथा द्वितीय तल पर कक्षों और लंगर स्थल के निर्माण की योजना पर चर्चा हुई। इसके अतिरिक्त, मुख्य कार्यपालक अधिकारी लक्ष्मी नागप्पन ने कंस किला के जर्जर पिछले हिस्से और कुशक प्राइमरी स्कूल का भी निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्यों का आकलन किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बोले कोर्ट का ही तो पालन कर रहे हैं, वरना अब तक तो मथुरा में बहुत कुछ हो चुका होता..?

उन्होंने बताया कि जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों से प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर परिषद आगामी कार्ययोजनाओं में चरणबद्ध तरीके से इन स्थलों के विकास को शामिल करने पर विचार कर रहा है। इस पहल का उद्देश्य न केवल इन स्थलों को अधिक आकर्षक बनाना है, बल्कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं और अनुभव उपलब्ध कराना भी है।

निरीक्षण के दौरान परिषद के पर्यावरण सलाहकार मुकेश शर्मा, तकनीकी सलाहकार आरपी सिंह, मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण के अधिशासी अभियंता प्रशांत गौतम सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।