किसानों की बदहाली पर जाट महासभा सख्त, 29 मई को सादाबाद में महापंचायत का ऐलान

राजेश चौधरी, जिलाध्यक्ष अखिल भारतीय जाट महासभा

 

समर्थन मूल्य, मुआवजा और खाद संकट को लेकर सरकार पर उठे सवाल, OBC आरक्षण की मांग भी तेज

मथुरा/गोकुल:

अखिल भारतीय जाट महासभा के जिला अध्यक्ष राजेश चौधरी की अध्यक्षता में गोकुल बैराज स्थित रामवीर सिंह बरंगर के निवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष चौधरी प्रताप सिंह (पूर्व विधायक) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान 29 मई को सादाबाद में किसान मसीहा और भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि पर किसानों की महापंचायत आयोजित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। प्रदेश अध्यक्ष चौधरी प्रताप सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में किसान बेहद दयनीय स्थिति में है। सरकार द्वारा घोषित समर्थन मूल्य किसानों को नहीं मिल पा रहा है, वहीं प्राकृतिक आपदाओं ने फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। विशेष रूप से बरसात के कारण आलू की फसल बर्बाद होने से किसान आर्थिक संकट में घिर गया है।

श्री कृष्ण जन्मभूमि केस, मुस्लिम पक्ष को लगा तगड़ा झटका

प्रदेश उपाध्यक्ष रामवीर सिंह बरंगर ने बताया कि गेहूं की सरकारी खरीद शुरू न होने के कारण किसानों को मजबूरन अपनी फसल समर्थन मूल्य से कम दाम पर बेचनी पड़ रही है। उन्होंने सरकार से शीघ्र खरीद व्यवस्था शुरू करने की मांग की।

जिला अध्यक्ष राजेश चौधरी ने चेतावनी दी कि आने वाले समय में खरीफ फसल के लिए खाद की गंभीर समस्या उत्पन्न हो सकती है। यदि सरकार ने समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए, तो किसान बुवाई तक नहीं कर पाएंगे। उन्होंने प्रदेश में बिजली संकट और प्रीपेड मीटर व्यवस्था पर भी नाराजगी जताई।

बैठक में उपाध्यक्ष रामवीर सिंह ने प्राकृतिक आपदा से बर्बाद हुई फसलों का बिना भेदभाव उचित मुआवजा देने की मांग उठाई।

इसके साथ ही सभी पदाधिकारियों ने एक स्वर में जाट समाज को केंद्रीय सेवाओं में OBC आरक्षण देने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा कई बार आश्वासन दिए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।

बैठक में निर्णय लिया गया कि 29 मई को सादाबाद में आयोजित महापंचायत में देशभर से किसानों और जाट समाज के लोगों को आमंत्रित किया जाएगा। इस दौरान किसानों के हितों से जुड़े मुद्दों पर व्यापक चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।

बैठक में मोनी ताऊ, सुभाष चौधरी, सतवीर सिंह, दिगंबर सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।