तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से ऊंट-बुग्गी चालक की मौत, जाम 

दलवीर सिंह विद्रोही, वरिष्ठ पत्रकार 

बलदेव (मथुरा)। थाना क्षेत्र के अकोस स्थित उत्तरी बाइपास पर गुरुवार तड़के हुए सड़क हादसे ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए। एक तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से ऊंट-बुग्गी चालक सलीम (42) की मौके पर मौत हो गई, जबकि ऊंट भी नहीं बच सका। घटना के बाद ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर जाम लगा दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगला संजा निवासी सलीम सुबह करीब 5:30 बजे ऊंट-बुग्गी से भूसा लेने जा रहे थे। तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि टक्कर के बाद वाहन ऊंट-बुग्गी को काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया, जिससे हादसे की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

 

हिन्दू पक्षकार महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट ने निरंजनी अखाड़े के आचार्य संत कैलाशानंद गिरी से की श्री कृष्ण जन्मभूमि केस पर चर्चा 

घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल वाहन चालक की लापरवाही को लेकर उठ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी तेज रफ्तार और नियंत्रण खोना सामान्य स्थिति नहीं हो सकती। क्या वाहन वास्तव में अनियंत्रित था या चालक की लापरवाही इसका कारण बनी—यह जांच का विषय है। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया, जिससे संदेह और गहरा गया है।

आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर जाम लगा दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझाइश देकर जाम खुलवाया। मौके पर पहुंची तहसील प्रशासन की टीम ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।