पंडित श्याम चतुर्वेदी, भाजपा मीडिया प्रभारी मथुरा
भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष निर्भय पांडे के नेतृत्व में मंगलवार को जनपद मथुरा के 1385 बूथों पर भारत रत्न एवं संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती धूमधाम से मनाई गई। जिले की तीनों विधानसभाओं के 18 मंडलों में आयोजित कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब के चित्र एवं प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर विभिन्न स्थानों पर संगोष्ठियों का आयोजन किया गया, जिसमें वक्ताओं ने डॉ. अंबेडकर के जीवन, उनके संघर्षों एवं संविधान निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। कार्यकर्ताओं ने उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
जिला अध्यक्ष निर्भय पांडे ने मुख्य कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि डॉ. अंबेडकर ने जीवनभर वंचितों, शोषितों और महिलाओं के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। उनका जीवन सामाजिक समरसता और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के निर्माण की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ बाबा साहब के सपनों को साकार करने के लिए कार्य कर रही है।
जिला मीडिया प्रभारी श्याम चतुर्वेदी ने बताया कि जनपद के सभी बूथों पर जयंती उत्साहपूर्वक मनाई गई। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने सामाजिक न्याय और समता के संदेश को घर-घर पहुंचाने का संकल्प लिया है। उन्होंने डॉ. अंबेडकर को संपूर्ण राष्ट्र का प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं।
कोसीकलां में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष सतीश वाल्मीकि, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष धर्मवीर अग्रवाल, ब्लॉक प्रमुख नरदेव चौधरी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की सहभागिता रही।








