983 मरीजों का परीक्षण, 101 की सफल सर्जरी; जरूरतमंदों को मिला निःशुल्क उपचार

983 मरीजों का परीक्षण, 101 की सफल सर्जरी; जरूरतमंदों को मिला निःशुल्क उपचार

गोवर्धन/मथुरा, 28 मार्च 2026।

स्वर्गीय श्री जगदीश कुमार मित्तल एवं श्रीमती सुमन मित्तल की पुण्य स्मृति में सेठ कन्हैयालाल धार्मिक ट्रस्ट के सौजन्य से कल्याणं करोति नेत्र संस्थान, मथुरा द्वारा आयोजित निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का समापन समारोह गोवर्धन रोड स्थित संस्थान परिसर में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री गणेश के समक्ष धनेश मित्तल एवं उनके परिवारजनों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।

प्रबंध ट्रस्टी धनेश मित्तल ने बताया कि यह शिविर उनके माता-पिता की स्मृति में प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है और इस वर्ष इसका पंद्रहवां आयोजन रहा। उन्होंने कहा कि वे लंबे समय से संस्थान के साथ मिलकर नेत्र रोगियों की सेवा में सहयोग कर रहे हैं और भविष्य में भी यह सेवा कार्य निरंतर जारी रहेगा।

उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य ब्रज क्षेत्र एवं आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर नेत्र चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें इलाज के लिए बड़े शहरों की ओर न जाना पड़े। संस्था लगातार सेवा, उपचार और जनकल्याण के कार्यों के माध्यम से जरूरतमंदों की मदद कर रही है।

श्रुति मित्तल ने अपने दादा-दादी को स्मरण करते हुए कहा कि परिवार आगे भी असहाय एवं जरूरतमंद नेत्र रोगियों की सेवा के लिए संस्थान के साथ मिलकर कार्य करता रहेगा।

संस्थान के निदेशक (ऑपरेशन) शैलेन्द्र चतुर्वेदी ने बताया कि मरीजों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए उपचार सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। आयुष्मान कार्ड धारकों के लिए भी संस्थान में सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं। साथ ही आने वाले समय में नेत्र चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण की सुविधाएं भी शुरू की जाएंगी।

महासचिव सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि संस्थान का उद्देश्य है कि कोई भी व्यक्ति आर्थिक अभाव के कारण दृष्टि से वंचित न रहे। शिविर के दौरान दूर-दराज क्षेत्रों से आए कुल 983 मरीजों की जांच की गई, जिनमें से 101 मरीजों के सफल ऑपरेशन विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा किए गए। शिविर में दवाइयां, चश्मे, भोजन एवं आवास सहित सभी सुविधाएं पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं।

कार्यक्रम का संचालन निरूपम भार्गव ने किया। इस अवसर पर राजेश मित्तल, नीता मित्तल, संदेश मित्तल, मुकेश अग्रवाल सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।