मनोज चौधरी
श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन को मिला वैश्विक समर्थन

-ऑस्ट्रेलिया से आए प्रतिनिधिमंडल ने हिंदू पक्षकार को सौंपे हस्ताक्षर अभियान के दस्तावेज
अन्य देशों में भी होंगे कार्यक्रम, तय की जा रही रूपरेखा
वृंदावन।
श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेजी से विस्तार ले रहा है। पांच वर्ष पूर्व शुरू हुआ यह आंदोलन देश-विदेश में अपनी पकड़ मजबूत कर रहा है। आंदोलन की गति को देखते हुए इसके वैश्विक स्तर पर फैलने के संकेत मिल रहे हैं।

इसी क्रम में ब्राह्मण आस्ट्रेलिया महासभा के अध्यक्ष चंदर शर्मा ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि बनाम शाही ईदगाह मस्जिद प्रकरण के हिंदू पक्षकार एवं श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के अध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट को 20 जून को मेलबोर्न (ऑस्ट्रेलिया) में आयोजित अप्रवासी हिंदुओं के विराट सम्मेलन में शामिल होने का निमंत्रण दिया है। वह सम्मेलन के मुख्य अतिथि होंगे।

ग्लोबल सनातन सेवा समिति के अध्यक्ष आजाद शर्मा के नेतृत्व में राष्ट्रीय महामंत्री विजय प्रभाकर, सुनील प्रभाकर एवं अनूप कश्यप वृंदावन पहुंचे। उन्होंने श्री कृष्णा इंटरनेशनल होटल स्थित कैंप कार्यालय पर न्यास अध्यक्ष से भेंट की और ऑस्ट्रेलिया में चलाए गए हस्ताक्षर अभियान के रजिस्टर सौंपे। प्रतिनिधिमंडल ने इस दौरान उनका स्वागत कर तलवार भेंट की।
राष्ट्रपति को भेजे जाएंगे दस्तावेज
न्यास अध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट ने बताया कि हस्ताक्षर अभियान के सभी दस्तावेज राष्ट्रपति को भेजे जाएंगे। उन्होंने कहा कि मूल गर्भगृह स्थल पर मंदिर निर्माण की मांग को लेकर वह मेलबोर्न सम्मेलन में भाग लेंगे।
कई देशों में होंगे कार्यक्रम
उन्होंने बताया कि भविष्य में स्पेन, ऑस्ट्रिया, बेल्जियम, जर्मनी, न्यूजीलैंड और कनाडा में भी इसी प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रतिनिधिमंडल के सदस्य विजय प्रभाकर ने कहा कि कनाडा लौटते ही कार्यक्रमों की तैयारियां शुरू कर दी जाएंगी।
जन्मभूमि स्थल का किया अवलोकन
आजाद शर्मा ने बताया कि वह विशेष रूप से निमंत्रण देने ऑस्ट्रेलिया से आए हैं। प्रतिनिधिमंडल ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि पहुंचकर गर्भगृह स्थल के दर्शन किए और वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने भव्य मंदिर निर्माण की आवश्यकता पर बल दिया।
संतों से की चर्चा
इसके पश्चात प्रतिनिधिमंडल ने वृंदावन स्थित चिंतामणि कुंज में पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर डॉ. आदित्यानंद जी महाराज, भगवताचार्य कृष्णचंद्र शास्त्री, राधाबल्लभ मंदिर के महंत मोहित मराल जी महाराज एवं नवल नागरी महाराज और कई अन्य प्रमुख संतों से भेंट कर जन्मभूमि विवाद और आंदोलन को गति देने की रणनीति पर चर्चा की। संत प्रेमानंद जी महाराज से भी आशीर्वाद प्राप्त किया।
जल्द निकलेगी बड़ी यात्रा
महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति के लिए जल्द ही एक बड़ी यात्रा निकाली जाएगी, जिसकी रूपरेखा लगभग तैयार हो चुकी है और शीघ्र ही इसकी घोषणा की जाएगी।








