ईद के दिन गोरक्षक की कुचलकर मौत, भड़का आक्रोश, पुलिस पर पथराव

ईद के दिन गोरक्षक की कुचलकर मौत, हाईवे पर भड़का आक्रोश

 

गोतस्करों का पीछा करते समय हादसा, छाता कट पर जाम; पुलिस और भीड़ के बीच पथराव

मथुरा:

ईद के दिन शनिवार तड़के गोतस्करों का पीछा कर रहे बाइक सवार गोरक्षक चंद्रशेखर उर्फ ‘फरसा वाले बाबा’ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आरोप है कि कोटवन चौकी क्षेत्र के नवीपुर के समीप गोतस्करों ने उन्हें वाहन से कुचल दिया। घटना से आक्रोशित गोरक्षकों ने छाता कट के पास हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। आक्रोशित भीड़ और पुलिस के बीच में हुई नौकझोंक के बाद पथराव हुआ। इसमें दोनों तरफ़ से लोगों के घायल होने की खबर है।

बताया गया है कि ईद के मौके पर गोवंशी से भरे वाहनों की आवाजाही की सूचना पर गोरक्षक तड़के से ही हाईवे पर सक्रिय थे। सुबह करीब चार बजे एक संदिग्ध कंटेनर को रोकने के लिए चंद्रशेखर अपने साथियों के साथ बाइक से पीछा कर रहे थे। इसी दौरान आरोप है कि कंटेनर सवार तस्करों ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में गोरक्षक मौके पर पहुंच गए। नाराज लोगों ने शव को लेकर छाता कट के समीप हाईवे पर जाम लगा दिया और जमकर नारेबाजी की। देखते ही देखते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने हालात संभालने के लिए लोगों को समझाने का प्रयास किया। एहतियात के तौर पर मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस के अनुसार घटना के दौरान एक संदिग्ध को पकड़कर उनके हवाले किया गया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

 

जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह में कहा है कि  दिनांक 21/22-03-2026 की प्रातः समय लगभग चार बजे जनपद की हरियाणा सीमा थाना क्षेत्र कोसी पर वाहन में गोवंश होंने की सूचना पर फरसा वाले बाबा के द्वारा अपने शिष्यों के साथ नागालैंड नंबर के कंटेनर को रोककर चेकिंग कर रहे थे, जिसमें साबुन फिनाइल शैम्पू आदि भरा हुआ था। घने कोहरे के कारण पीछे से राजस्थान नंबर के एक ट्रक जिसमें तार भरा हुआ था से दुर्घटना हो गई, जिससे दुर्घटना के कारण उनकी मौके पर मृत्यु हो गई। ट्रक चालक घायल हैं और ट्रक क्षतिग्रस्त है। लोगों के द्वारा भ्रामक सूचना के कारण जाम व पथराव की घटना की गई है। लोगों को समझाया जा रहा है। घटना के संबंध में हर पहलू की जांच की जाएगी। लोगों की बात सुनकर उनके द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जाएगी ।