मुकेश शर्मा
मेला आपसी मेलजोल और प्रतिभाओं के प्रदर्शन का सशक्त मंच : शैलेश कुमार पाण्डेय
मथुरा। नववर्ष मेला समिति के तत्वाधान में सेठ बी.एन. पोद्दार इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित 25वें नववर्ष मेला का बुधवार को हर्षोल्लास के साथ समापन हो गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पुलिस उप महानिरीक्षक आगरा जोन शैलेश कुमार पाण्डेय ने नवसंवत्सर की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के मेले समाज में उत्साह, मनोरंजन और आपसी मेलजोल को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से कलाकारों, शिल्पकारों एवं अन्य हुनरमंद लोगों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सशक्त मंच मिलता है।

द्वितीय चित्र: मंच से नवसम्वत्सर 2083 की शुभकामनाएं देते हुए।
तृतीय चित्र: नववर्ष मेला समिति की स्मारिका ‘नव प्रवाह’ का विमोचन करते हुए।
नवसंवत्सर 2083 के अवसर पर आशीर्वचन देते हुए संत स्वामी कार्ष्णि गोविन्दानन्द महाराज, श्री रमणरेती धाम महावन ने कहा कि भारत तपस्वियों और वीरांगनाओं की भूमि है, जहां की गौरवशाली परंपराएं और इतिहास नई पीढ़ी को अवश्य बताने चाहिए। स्वागताध्यक्ष डॉ. गौरव सिंह, उपकुलपति केडी विश्वविद्यालय ने भी सभी को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि शैलेश कुमार पाण्डेय, समिति अध्यक्ष कमलेश अरोड़ा एवं विभाग संघ चालक वीरेंद्र मिश्र द्वारा मां भगवती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर मेला के 25 वर्ष पूर्ण होने पर नववर्ष मेला समिति की स्मारिका ‘नव प्रवाह’ का भी विमोचन किया गया। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री प्रदीप श्रीवास्तव ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अध्यक्ष कमलेश अरोड़ा ने व्यक्त किया।
इससे पूर्व दोपहर में मेला स्थल पर समिति पदाधिकारियों द्वारा भूमि पूजन एवं हवन के साथ आयोजन का शुभारंभ हुआ। यजमान के रूप में समिति उपाध्यक्ष यादवेंद्र अग्रवाल अपनी पत्नी अंजना अग्रवाल के साथ उपस्थित रहे। पंडित श्यामू चतुर्वेदी ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हवन संपन्न कराया, जिसके बाद प्रसाद वितरण किया गया।
कार्यक्रम में महानगर प्रचारक सचिन भारत, डॉ. संजय अग्रवाल, शिव कुमार शर्मा, विजय बंटा, प्रदीप अग्रवाल, राजीव कृष्ण, अनिरुद्ध अग्रवाल, सुभाष सैनी, मीडिया प्रभारी मुकेश शर्मा, विशाल रुहेला, समीर बंसल, डॉ. जमुना देवी शर्मा, डॉ. रुचि अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य लोग एवं मेला पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन
सायंकाल आयोजित सांस्कृतिक संध्या में रंगोली, रूप सज्जा, सामूहिक एवं एकल नृत्य प्रतियोगिताओं ने दर्शकों का मन मोह लिया। प्रतिभागियों की रंगारंग प्रस्तुतियों पर दर्शक झूम उठे। रूप सज्जा प्रतियोगिता में विभिन्न स्वरूपों में सजे नन्हें-मुन्ने बच्चों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
प्रतियोगिताएं संयोजक डॉ. सीमा मिश्रा, दीपा चतुर्वेदी, आरती शर्मा, प्रिया वशिष्ठ, रजनी भट्ट, अंजू गौतम एवं अनामिका दीक्षित के निर्देशन में संपन्न हुईं। इस अवसर पर डॉ. दीपा अग्रवाल एवं हरवीर सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।








