528 डिबेट, 267 जीत: रौनक उपमन्यु ने बनाया नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड

डॉक्टर कमलकांत उपमन्यु, वरिष्ठ पत्रकार मथुरा

 

जीएलए विश्वविद्यालय, मथुरा के विधि संकाय के अंतिम वर्ष के प्रतिभाशाली छात्र रौनक उपमन्यु ने राष्ट्रीय स्तर पर एक बार फिर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। रौनक ने प्रतिष्ठित आईआईटी दिल्ली में आयोजित एमयूएन प्रतियोगिता में लगातार पांचवीं बार जीत दर्ज कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

रौनक उपमन्यु अब तक देशभर में 528 डिबेट प्रतियोगिताओं में भाग ले चुके हैं, जिनमें से 295 प्रतियोगिताओं में उन्होंने सक्रिय रूप से हिस्सा लिया और 267 में प्रथम स्थान प्राप्त किया। यह उपलब्धि उन्हें देश का एक अनोखा और अग्रणी छात्र-डिबेटर बनाती है। इसके साथ ही वे 218 प्रमुख प्रतियोगिताओं में जज की भूमिका निभा चुके हैं तथा 15 प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन भी कर चुके हैं।

1070 से आज तक क्या है श्री कृष्ण जन्मभूमि मंदिर के ध्वस्तीकरण और निर्माण की असली कहानी?

हाल ही में रौनक ने दिल्ली विश्वविद्यालय के मेडिकल कॉलेज में आयोजित युवा संसद प्रतियोगिता में भी प्रथम स्थान प्राप्त कर ब्रज क्षेत्र का गौरव बढ़ाया। इसके अलावा आईआईएम, आईआईटी और देश के अन्य शीर्ष विश्वविद्यालयों में आयोजित प्रतियोगिताओं में भी उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।

दिल्ली विश्वविद्यालय के हिंदू कॉलेज में आयोजित प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर उन्हें केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर द्वारा सम्मानित किया गया। वहीं अन्य प्रतियोगिताओं में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, वरिष्ठ नेता रणदीप सुरजेवाला एवं सांसद राजीव शुक्ला ने भी उन्हें सम्मानित किया।

बीते दो महीनों में रौनक ने आईआईटी दिल्ली, इंद्रप्रस्थ सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान, एनआईटी अगरतला, अमिटी विश्वविद्यालय गुरुग्राम, आईआईटी रुड़की, पंजाब विश्वविद्यालय सहित विभिन्न संस्थानों में आयोजित प्रतियोगिताओं में 13 प्रथम पुरस्कार जीतकर अपनी असाधारण क्षमता का परिचय दिया है।

रौनक की इस उपलब्धि से यह स्पष्ट होता है कि जीएलए विश्वविद्यालय का विधि संकाय विद्यार्थियों को केवल सैद्धांतिक शिक्षा ही नहीं, बल्कि व्यावहारिक प्रशिक्षण, मूट कोर्ट, शोध आधारित अध्ययन और तार्किक सोच विकसित करने पर भी विशेष बल देता है।

जीएलए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अनूप कुमार गुप्ता ने रौनक को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता विश्वविद्यालय की उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा और समर्पित संकाय का परिणाम है। वहीं विधि संकाय के डीन प्रो. सोमेश धमीजा ने इसे विधि शिक्षा और डिबेटिंग परंपरा के लिए प्रेरणादायक बताया।

रौनक उपमन्यु, एनयूजेआई के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तथा ब्रज प्रेस क्लब के अध्यक्ष डॉ. कमलकांत उपमन्यु एडवोकेट के सुपुत्र हैं। उनकी यह उपलब्धि न केवल जीएलए विश्वविद्यालय, बल्कि पूरे ब्रज क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।