मुकेश शर्मा
मथुरा, 15 मार्च।
नवसंवत्सर की पूर्व संध्या पर नववर्ष मेला समिति के तत्वावधान में 18 मार्च को सेठ बी.एन. पोद्दार इंटर कॉलेज के मैदान में भव्य भारतीय नववर्ष मेले का आयोजन किया जाएगा। भारतीय संस्कृति, परम्परा और राष्ट्रभावना से ओत-प्रोत इस मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी, जिनमें विजेताओं को नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

रविवार को सरस्वती शिशु मंदिर, दीनदयाल नगर जुबली पार्क में आयोजित प्रेसवार्ता में नववर्ष मेला समिति के महामंत्री प्रदीप श्रीवास्तव ने बताया कि समिति पिछले 25 वर्षों से चैत्र शुक्ल प्रतिपदा की पूर्व संध्या पर भारतीय नववर्ष के उपलक्ष्य में इस विशाल मेले का आयोजन करती आ रही है। इस वर्ष चैत्र शुक्ल प्रतिपदा विक्रम संवत् 2083 की पूर्व संध्या पर 18 मार्च को यह आयोजन विशेष रूप से रजत जयंती वर्ष के रूप में मनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मेले का शुभारंभ दोपहर 1 बजे भूमि पूजन और हवन के साथ होगा। इसके बाद शाम 4:30 बजे से रंगोली, रूप सज्जा, सामूहिक और एकल नृत्य प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। नववर्ष समारोह का औपचारिक शुभारंभ शाम 6:30 बजे दीप प्रज्ज्वलन के साथ होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस उप महानिरीक्षक आगरा जोन शैलेष कुमार पाण्डेय होंगे, जबकि आशीर्वचन पूज्य संत स्वामी कार्ष्णि गोविन्दानन्द जी महाराज, श्री रमणरेती धाम महावन द्वारा दिया जाएगा।
मेले का मुख्य आकर्षण रात्रि 7:30 बजे अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कवि, चित्रकार, गायक और प्रखर वक्ता बाबा सत्यनारायण मौर्य की संगीतमय प्रस्तुति ‘एक शाम राष्ट्र के नाम’ होगी। इसके साथ ही समिति द्वारा रजत जयंती वर्ष के अवसर पर प्रकाशित स्मारिका ‘नव-प्रवाह’ का विमोचन भी किया जाएगा।
समिति अध्यक्ष कमलेश अरोड़ा ने बताया कि मेले में आने वाले सभी आगंतुकों का भारतीय परम्परा के अनुसार चंदन तिलक लगाकर स्वागत किया जाएगा। वहीं विदा के समय नीम की कोपल, मिश्री का प्रसाद, नवसंवत्सर ग्रीटिंग कार्ड और गंगाजल भेंट स्वरूप दिया जाएगा।
मीडिया प्रभारी मुकेश शर्मा ने बताया कि मेले में बच्चों के लिए घोड़ा और ऊंट की सवारी, झूले, खेल-तमाशे तथा खान-पान की विभिन्न स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इसके साथ ही स्वदेशी वस्तुओं की बिक्री, राष्ट्रीय साहित्य केंद्र, कुटीर उद्योग से बने वस्त्रों की प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
प्रतियोगिताओं में विजयी प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। सामूहिक प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 5100 रुपये, द्वितीय 3100 रुपये और तृतीय 2100 रुपये होगा। वहीं एकल प्रतियोगिता में प्रथम को 2100 रुपये, द्वितीय को 1100 रुपये और तृतीय को 500 रुपये की नकद धनराशि दी जाएगी।
प्रेसवार्ता में कोषाध्यक्ष अजय अग्रवाल, सह-कोषाध्यक्ष गंगाधर अरोड़ा, कान्हा सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।








