शशिभानु गर्ग,महामंत्री, नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल
मथुरा, 13 मार्च।
नगर में गैस सिलेंडर की किल्लत और कालाबाजारी के चलते छोटे व्यापारियों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के महामंत्री शशिभानु गर्ग ने कहा कि गैस की पर्याप्त उपलब्धता न होने के कारण नगरीय क्षेत्र में करीब 3000 ठेले, खोमचे, रेहड़ी, पटरी, फास्ट फूड और हलवाई का छोटा-मोटा व्यवसाय करने वाले व्यापारी बेरोजगारी की स्थिति में पहुंच गए हैं।

उन्होंने बताया कि गैस सिलेंडर न मिलने के कारण ये छोटे व्यापारी अपना कारोबार नहीं चला पा रहे हैं, जिससे उनके परिवारों के सामने आजीविका का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। शासन स्तर पर लगातार सामान्य रूप से गैस उपलब्ध होने की बात कही जा रही है, लेकिन स्थानीय स्तर पर छोटे व्यापारियों को गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं।
महामंत्री शशिभानु गर्ग का कहना है कि इससे साफ प्रतीत होता है कि कुछ लोग कालाबाजारी कर सरकार को बदनाम करने और मोटा मुनाफा कमाने के उद्देश्य से गैस की आपूर्ति में बाधा डाल रहे हैं। ऐसी स्थिति में प्रशासन को सख्त कदम उठाने की आवश्यकता है।
वर्ष 1017 से लेकर आज तक श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर के विध्वंस और निर्माण की कहानी
उन्होंने कहा कि गैस की बुकिंग में समस्या, शादी-विवाह का सीजन और कालाबाजारी के कारण गैस की भारी किल्लत बनी हुई है। हालात यह हैं कि कई दुकानदारों ने गैस न मिलने के कारण अपनी दुकानें तक नहीं खोलीं। इन छोटे-छोटे रेहड़ी, पटरी, खोमचे और ठेला संचालकों के साथ उनसे जुड़े कई परिवारों की रोजी-रोटी पर संकट मंडरा रहा है।
नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने प्रशासन से मांग की है कि प्राथमिकता के आधार पर जिम्मेदारी तय करते हुए संबंधित अधिकारियों की निगरानी में छोटे व्यापारियों को गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएं और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।








