बरसाना से रंगों की वैश्विक हुंकार, रंगोत्सव 2026 का हुआ भव्य आगाज़

 

मथुरा, 24 फरवरी 2026 — ब्रज की फिज़ाओं में आज रंग, राग और रस की ऐसी तान छिड़ी कि पूरा बरसाना उत्सवधर्मी उमंग में डूब गया। श्री राधा बिहारी इंटर कॉलेज के विशाल मैदान में रंगोत्सव 2026 के शुभारंभ ने होली महापर्व की औपचारिक शुरुआत कर दी। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के गन्ना विकास एवं चीनी मिलें मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

मंच पर उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र, मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप, पुलिस उप-महानिरीक्षक शैलेश कुमार पाण्डेय, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन तथा परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सूरज पटेल सहित अनेक गणमान्य मौजूद रहे। दीप प्रज्वलन के साथ ही श्री राधा-कृष्ण स्वरूप में सजी नृत्य प्रस्तुति ने वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया।

अपने संबोधन में मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने रंगोत्सव 2026 की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ब्रजवासी श्री राधा रानी और श्रीकृष्ण को परिवार का सदस्य मानते हैं। उन्होंने कहा कि बरसाना की लट्ठमार होली अब केवल उत्तर भारत तक सीमित नहीं रही, बल्कि वैश्विक पहचान बना चुकी है। दुनिया भर से श्रद्धालु यहां की होली में शामिल होने आते हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार की नीतियों को इस बदलती छवि का आधार बताया और तीर्थ स्थलों की स्वच्छता व पवित्रता बनाए रखने को सामूहिक जिम्मेदारी बताया।

मंत्री ने प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों से आग्रह किया कि रंगोत्सव के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के साथ संवेदनशील व विनम्र व्यवहार सुनिश्चित किया जाए, ताकि ब्रज की छवि और सुदृढ़ हो।

कार्यक्रम के दौरान ब्रज संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। लट्ठमार होली की झलक पर आधारित नृत्य ने तालियों की गड़गड़ाहट बटोरी। जब कलाकारों ने दर्शक दीर्घा की ओर फूलों की वर्षा की, तो पूरा मैदान होली के रंग और आनंद में डूब गया।

समापन पर जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए सफल आयोजन के लिए आयोजकों और कलाकारों का आभार व्यक्त किया। बरसाना से उठी यह रंगों की गूंज अब देश-दुनिया तक पहुंचने को तैयार है।