सर्राफा व्यापारी हत्याकांड का खुलासा करने वाली पुलिस टीम सम्मानित, कप्तान को उत्कृष्ट सेवा सम्मान

शशिभानु गर्ग, व्यापारी नेता मथुरा

 

मथुरा, 13 फरवरी। तेलीपारा क्षेत्र में सर्राफा व्यापारी सतीश चंद्र गर्ग हत्याकांड व लूट का 24 घंटे में खुलासा करने पर नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने मसानी स्थित एक होटल में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक समेत पूरी पुलिस टीम का सम्मान किया। कार्यक्रम में पुलिस कप्तान को उत्कृष्ट सेवा सम्मान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के दौरान मृतक व्यापारी के बेटे मयंक गर्ग ने खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 51 हजार रुपये नगद इनाम देने की घोषणा की। इस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि व्यापार मंडल के सहयोग से उक्त धनराशि से बाजारों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने व सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने में उपयोग किया जाएगा।

भारत के खिलाफ जुटे विधर्मियों के साढ़े तीन सौ संगठन!

व्यापारियों ने बढ़ाया हौसला

भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मंत्री रविकांत गर्ग ने कहा कि पिछले 40 वर्षों से व्यापार मंडल अच्छे अधिकारियों का सम्मान और व्यापारी विरोधी अधिकारियों का विरोध करता रहा है। यह कार्यक्रम उसी परंपरा का हिस्सा है।

बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अजीत तेहरिया ने कहा कि पुलिस और व्यापारी एक-दूसरे के पूरक हैं और इस तरह का सम्मान दोनों के रिश्तों को मजबूत करता है।

कप्तान बोले— जिम्मेदारी और बढ़ी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने कहा कि व्यापारियों द्वारा दिया गया सम्मान पूरी पुलिस टीम के मनोबल को बढ़ाने वाला है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि व्यापार मंडल के माध्यम से आने वाली समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान कराया जाएगा।

कई पुलिस कर्मियों को किया सम्मानित

हत्याकांड का खुलासा करने पर एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह, सीओ सिटी आशना चौधरी, थाना गोविंद नगर प्रभारी रवि त्यागी, स्वाट टीम प्रभारी अजय वर्मा सहित पुलिस टीम के कई अधिकारियों व कर्मचारियों को दुपट्टा व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

महानगर अध्यक्ष सुनील अग्रवाल और कार्यक्रम संयोजक कल्याण दास अग्रवाल ने पुलिस कप्तान को उत्कृष्ट सेवा सम्मान प्रदान किया। कार्यक्रम का संचालन महानगर महामंत्री शशिभानु गर्ग ने किया।

इस अवसर पर व्यापारियों की सुरक्षा के लिए शस्त्र लाइसेंस प्राथमिकता से बनाए जाने की मांग भी उठाई गई। कार्यक्रम में नगर की विभिन्न इकाइयों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।