16 फरवरी से शुरू होगा खसरा-रूबेला टीकाकरण अभियान, डीएम ने अभिभावकों से की अपील

मनोज चौधरी मथुरा
मथुरा। जनपद में बच्चों को खसरा और रूबेला जैसी संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित करने के लिए 16 फरवरी से 27 फरवरी तक विशेष खसरा-रूबेला टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने इसकी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बृजवासियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को निर्धारित तिथि और समय पर स्कूलों में आयोजित टीकाकरण सत्रों में अवश्य भेजें। उन्होंने कहा कि समय पर टीकाकरण ही बच्चों को गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखने का सबसे प्रभावी उपाय है।
5 से 10 वर्ष तक के बच्चों को लगेगा टीका
अभियान के तहत जनपद के सभी सरकारी व निजी विद्यालयों, मदरसों और अन्य शिक्षण संस्थानों में कक्षा 1 से 5 तक (5 से 10 वर्ष आयु वर्ग) के बच्चों को खसरा-रूबेला का टीका लगाया जाएगा। इसके लिए स्कूलों और चिन्हित स्थलों पर विशेष टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे, ताकि कोई भी बच्चा छूट न पाए।

भारत के खिलाफ जुटे विधर्मियों के साढ़े तीन सौ संगठन!
विभागों के समन्वय से तैयारी पूरी
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राधा वल्लभ ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन, बेसिक शिक्षा विभाग, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर व्यापक तैयारियां की गई हैं। उन्होंने कहा कि यह अभियान बच्चों के स्वस्थ भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
माइक्रोप्लान और कोल्ड-चेन व्यवस्था सुनिश्चित
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. रोहितास सिंह के अनुसार सभी विकासखंडों में माइक्रोप्लान तैयार कर लिया गया है। टीकाकरण टीमों को प्रशिक्षित किया जा चुका है तथा वैक्सीन, लॉजिस्टिक्स और कोल्ड-चेन व्यवस्था भी सुनिश्चित कर ली गई है, जिससे अभियान सुचारु रूप से संचालित हो सकेगा।