मोहित विश्वकर्मा
बरसाना में लड्डूमार-लठामार होली की तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा
रेलवे फाटक से राधारानी मंदिर तक सुरक्षा, सफाई और ट्रैफिक पर खास जोर
मथुरा, 12 फरवरी 2026।
विश्व प्रसिद्ध बरसाना लड्डूमार व लठामार होली के मद्देनज़र जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने गुरुवार को नगर पंचायत बरसाना क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण कर तैयारियों का आकलन किया। इस दौरान उन्होंने गोवर्धन-बरसाना मार्ग पर रेलवे फाटक के आसपास की व्यवस्थाएं देखीं और अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसी ट्रैफिक व्यवस्था बनाई जाए जिससे जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।
हेलीपैड, ड्रेन और अतिक्रमण पर सख्ती
डीएम ने बरसाना स्थित प्रस्तावित हेलीपैड स्थल का निरीक्षण कर आसपास विशेष सफाई अभियान चलाने, चारों ओर बैरिकेडिंग कराने और दीवारों पर वॉल पेंटिंग कराने के निर्देश दिए।
सिंचाई विभाग को ड्रेनों की व्यापक सफाई तथा आसपास के अतिक्रमण हटाने के आदेश दिए गए। वहीं अवैध होर्डिंग हटाने के लिए अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया गया।
थीम आधारित सजावट और विद्युत सुरक्षा
मेला क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण करते हुए डीएम ने सभी ट्रांसफार्मर और बिजली खंभों पर प्लास्टिक रैपिंग सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने बरसाना को थीम आधारित वॉल पेंटिंग, झालर, लाइटिंग और फसाड से सजाने तथा प्रमुख मार्गों-चौराहों को आकर्षक बनाने के निर्देश दिए।
“बरसाना आने वाला हर श्रद्धालु एक नई पहचान लेकर जाए — यही प्रशासन की जिम्मेदारी है,” डीएम ने कहा।
प्लास्टिक मुक्त मेला और शुद्ध खाद्य सामग्री
उपजिलाधिकारी गोवर्धन को मेले को प्लास्टिक मुक्त बनाने के निर्देश दिए गए। दुकानदारों को प्लास्टिक प्रयोग न करने के लिए प्रेरित करने और उल्लंघन पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
खाद्य सुरक्षा विभाग को मिलावटी खाद्य पदार्थ नष्ट करने और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री सुनिश्चित कराने को कहा गया।
सड़क, पार्किंग और नालियों पर निर्देश
लोक निर्माण विभाग को सभी सड़कों की मरम्मत, डिवाइडर पेंटिंग और पार्किंग व्यवस्था समय से पूर्ण करने के आदेश दिए गए।
साथ ही नालियों की सफाई और खुली नालियों को ढकने के निर्देश भी दिए गए।
सीसीटीवी-ड्रोन से निगरानी, अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई
एसपी ग्रामीण को पूरे मेला क्षेत्र में सीसीटीवी और कंट्रोल रूम से निगरानी तथा आवश्यकता अनुसार नए कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए।
थाना प्रभारी को असामाजिक तत्वों पर नजर रखने, अफवाह फैलाने वालों पर तत्काल कार्रवाई तथा ड्रोन से नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा गया। नकली गुलाल बेचने वालों पर कठोर कार्रवाई के आदेश भी दिए गए।
श्रद्धालुओं की सुविधा प्राथमिकता
रंगीली चौक, कटारा चौक, लाडो गेट, सुदामा चौक से श्री राधारानी मंदिर तक मार्गों और गलियों का निरीक्षण कर सीढ़ियों के आसपास पेंटिंग कराने के निर्देश दिए गए।
डीएम ने कहा कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित दर्शन उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व डॉ. पंकज कुमार वर्मा, एडीएम प्रशासन अमरेश कुमार, एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत, एसडीएम गोवर्धन प्राजक्ता त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।








