मनोज चौधरी मथुरा
गढ़सौली में भाकियू (अराजनैतिक) की समीक्षा बैठक, संगठन विस्तार पर भी जोर
गांव गढ़सौली में भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) की मंडल व जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता युवा प्रदेश अध्यक्ष दिगंबर सिंह ने की, जबकि मंडल अध्यक्ष राजकुमार तोमर प्रमुख रूप से मौजूद रहे। बैठक में किसानों की समस्याओं पर विस्तृत चर्चा करते हुए उनके लेखा-जोखा का निरीक्षण किया गया तथा संगठन विस्तार पर भी जोर दिया गया।

मंडल अध्यक्ष राजकुमार तोमर ने कहा कि किसानों के हित सर्वोपरि हैं और उनकी समस्याओं को किसी भी कीमत पर नजरअंदाज नहीं होने दिया जाएगा। संगठन हर परिस्थिति में किसानों के साथ खड़ा रहेगा और जरूरत पड़ी तो संघर्ष से पीछे नहीं हटेगा।
युवा प्रदेश अध्यक्ष दिगंबर सिंह ने कहा कि किसान देश की रीढ़ है, लेकिन आज उसे अपनी बुनियादी जरूरतों के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने बैठक को किसानों की निर्णायक लड़ाई की शुरुआत बताया। उन्होंने कहा कि बलदेव व खंडौली क्षेत्र में आलू की सर्वाधिक खेती होती है, लेकिन यहां आलू प्रसंस्करण फैक्ट्री न होने से किसानों को उचित लाभ नहीं मिल पाता। किसानों को सीधे फैक्ट्री से जोड़ने की व्यवस्था होनी चाहिए।
उन्होंने आवारा गौवंश की समस्या उठाते हुए कहा कि गौ माता की दुर्दशा हो रही है और सड़कों पर पशु घूम रहे हैं। मथुरा में पशु अनुसंधान केंद्र होने के बावजूद अच्छी नस्ल विकसित नहीं हो सकी है, इसे बढ़ावा दिया जाना चाहिए।
बैठक में मंडल के सभी जिलाध्यक्षों सहित सैकड़ों पदाधिकारी मौजूद रहे।
जगह-जगह हुआ स्वागत
बैठक के दौरान युवा प्रदेश अध्यक्ष दिगंबर सिंह ने श्री दाऊजी महाराज के दर्शन किए। विभिन्न स्थानों पर उनका माल्यार्पण व साफा बांधकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर विजय उपाध्याय, गोपाल पांडेय, शिवा उपाध्याय, अवधेश रावत, मुकेश रावत, उदयवीर सरपंच, मुख्तियार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।








