संदीप सिंह बोले—आत्मनिर्भर भारत का खाका, नगर निकायों को भी मिलेगा सीधा लाभ

श्याम चतुर्वेदी भाजपा मीडिया प्रभारी

मथुरा

केंद्र सरकार के आम बजट को लेकर मथुरा में राजनीतिक बयानबाज़ी तेज हो गई है। भाजपा महानगर और जिला इकाइयों ने होटल माधव मुस्कान रेजिडेंसी में प्रेस वार्ता कर बजट को जनहितकारी बताते हुए विपक्ष पर सवाल उठाए। उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री व मथुरा प्रभारी संदीप सिंह ने बजट को “आत्मनिर्भर भारत की दिशा में निर्णायक कदम” करार दिया, जबकि विपक्षी आलोचनाओं को उन्होंने विकास विरोधी मानसिकता बताया।

संदीप सिंह ने कहा कि बजट केवल आर्थिक दस्तावेज नहीं बल्कि देश के सर्वांगीण विकास का रोडमैप है। इसमें गरीब, किसान, महिला, युवा और मध्यम वर्ग सभी को साधने का प्रयास किया गया है। शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में विशेष प्रावधानों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इससे भविष्य की पीढ़ी को सशक्त आधार मिलेगा।

उन्होंने दावा किया कि बुनियादी ढांचे पर बढ़ा निवेश रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा और आर्थिक गतिविधियों को गति देगा। किसानों के संदर्भ में आधुनिक तकनीक, सिंचाई और भंडारण सुविधाओं के विस्तार से आय बढ़ने की बात कही। महिला सशक्तिकरण योजनाओं को आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा कदम बताया।

नगर निकायों को भी उम्मीद

मथुरा-वृंदावन नगर निगम के महापौर विनोद अग्रवाल ने कहा कि शहरी विकास, स्वच्छता और आवास से जुड़े प्रावधानों से शहरों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। स्मार्ट सुविधाओं के विस्तार से नागरिक सेवाएं मजबूत होंगी।

भाजपा महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव ने बजट को ग्रामीण-शहरी संतुलन वाला बताया और कहा कि युवाओं के रोजगार व स्टार्टअप को नई दिशा मिलेगी।

जिला अध्यक्ष निर्भय पांडे ने इसे विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने वाला बजट बताया।

राजनीतिक संदेश भी साफ

प्रेस वार्ता में भाजपा नेताओं ने बजट के समर्थन के साथ विपक्ष की आलोचना को भी मुद्दा बनाया। संदीप सिंह ने कहा कि “अनावश्यक सवाल उठाने वाले लोग विकास की वास्तविक तस्वीर से मुंह मोड़ रहे हैं।”