मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, 6 यात्रियों की मौत, एक घायल

मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, 6 यात्रियों की मौत, एक घायल

डीएम-एसएसपी ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल, बेहतर उपचार के निर्देश

मथुरा, 7 फरवरी। जनपद के थाना सुरीर क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे पर शनिवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में छह यात्रियों की मृत्यु हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौके पर सक्रिय हो गए।

जानकारी के अनुसार दिल्ली से कानपुर देहात जा रही एक बस माइल स्टोन 88 (नोएडा से आगरा की ओर) पर साइड में खड़ी थी। बस के यात्री शौचालय आदि के लिए नीचे उतरकर खड़े थे, तभी पीछे से आ रहे एक डीसीएम (कंटेनर ट्रक) ने बस को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर अफरातफरी मच गई और छह लोगों की जान चली गई।

दुर्घटना में मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई—

सोनू (32) पुत्र विनोद निवासी एरवा कटरा, औरैया;

देवेश (32) पुत्र राम सिंह निवासी भेलबल, बस्ती;

असलम (27) पुत्र बशरूद्दीन निवासी गड़े का पुरवा, कन्नौज;

संतोष (46) पुत्र रामवीर निवासी प्रेमनगर, दिल्ली;

अनुराग (27) पुत्र आनन्द निवासी कन्चौसी, दिबियापुर औरैया;

प्रमोद (35) पुत्र साधू सिंह निवासी बड़गांव, जसराना फिरोजाबाद।

हादसे में घायल शिवकान्त दुबे (46) निवासी बेला, औरैया को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।

घटना की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार जिला अस्पताल पहुंचे और घायल का कुशलक्षेम जाना। अधिकारियों ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को निर्देश दिए कि घायल को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

प्रशासन द्वारा सभी मृतकों के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है, जबकि अन्य यात्रियों को उनके गंतव्य के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।