हेरिटेज सिटी में सांस्कृतिक संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और आधुनिक सुविधाओं का समन्वित विकास

मनोज चौधरी मथुरा

राया शहरी केंद्र में प्रस्तावित हेरिटेज सिटी के मास्टर प्लान-2031 की समीक्षा

यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (येडा) के अंतर्गत राया शहरी केंद्र क्षेत्र में प्रस्तावित हेरिटेज सिटी के विकास को लेकर मास्टर प्लान–2031 की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र, मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह तथा यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह उपस्थित रहे।

राधा वैली में हुए विराट हिंदू सम्मेलन में क्या बोल गए श्री कृष्ण जन्मभूमि बनाम शाही ईदगाह मस्जिद केस के हिंदू पक्षकार महेंद्र प्रताप सिंह एडवकोट

बैठक में हेरिटेज सिटी की मूल परिकल्पना के तहत सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण, पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने और आधुनिक नगरीय सुविधाओं के समन्वित विकास को मास्टर प्लान का प्रमुख आधार बताया गया। भूमि उपयोग, आधारभूत सुविधाएं, यातायात व्यवस्था और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े प्रावधानों पर विस्तृत चर्चा की गई।

संबंधित अधिकारियों द्वारा मास्टर प्लान–2031 के अंतर्गत प्रस्तावित विकास कार्यों की प्रस्तुति दी गई। अधिकारियों ने बताया कि योजना में पर्यटकों के लिए सुविधाओं का विस्तार, सुगम यातायात व्यवस्था और आधुनिक शहरी ढांचे के साथ विरासत संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया गया है।

समीक्षा के दौरान निर्देश दिए गए कि मास्टर प्लान के अनुरूप सभी विकास कार्यों को चरणबद्ध एवं समयबद्ध ढंग से लागू किया जाए। साथ ही जनहित को प्राथमिकता देते हुए पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को गति देने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी नगेंद्र प्रताप, उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सूरज पटेल, नगर आयुक्त नगर निगम मथुरा-वृंदावन जग प्रवेश, उपाध्यक्ष मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण लक्ष्मी एन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।