मोहित विश्वकर्मा, मथुरा, 25 जनवरी 2026।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने रविवार को वृंदावन के विश्व प्रसिद्ध श्री बांके बिहारी मंदिर में दर्शन-पूजन किया। दोनों नेताओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और ‘विकसित भारत’ के संकल्प की कामना की।

मंदिर पहुंचने पर सेवायतों ने परंपरागत रीति से स्वागत किया। मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष ने ठाकुर बांके बिहारी के चरणों में शीश झुकाया, दीप प्रज्ज्वलित किया, पुष्प अर्पित किए और इत्र सेवा की। पूजा-अर्चना वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न कराई गई।
राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर निर्वाचित होने के बाद नितिन नबीन का यह पहला उत्तर प्रदेश दौरा रहा। ब्रजभूमि आगमन के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ आध्यात्मिक कार्यक्रम में सहभागिता की।
दर्शन-पूजन के पश्चात मंदिर सेवायतों द्वारा मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष को प्रसाद व पट्टिका भेंट की गई। श्री बांके बिहारी मंदिर हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी के अध्यक्ष सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति अशोक कुमार, सदस्य सेवानिवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश मुकेश मिश्रा, राजभोग समूह से श्रीवर्धन गोस्वामी, शयनभोग समूह से दिनेश कुमार गोस्वामी एवं विजय कृष्ण गोस्वामी ने दोनों अतिथियों को श्री बांके बिहारी जी की आकर्षक तस्वीर भेंट की।
श्रीकृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति को लेकर क्या बोले?
इस अवसर पर केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बेसिक शिक्षा संदीप सिंह, मांट विधायक राजेश चौधरी, महानगर अध्यक्ष हरीशंकर राजू यादव, अपर पुलिस महानिदेशक अनुपम कुलश्रेष्ठ, मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी मनीष मीना सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।








