न्याय के प्रहरी सम्मानित, मथुरा बार को मिला नया सशक्त नेतृत्व

 

मथुरा।

न्याय व्यवस्था की मजबूती और समाज में कानून के प्रति विश्वास को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से वृंदावन बाल विकास परिषद के तत्वावधान में मथुरा बार के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का अभिनंदन एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। रुक्मिणी विहार स्थित श्रीवृंदा आर्किड हेरिटेज होटल में आयोजित कार्यक्रम में अधिवक्ताओं की भूमिका को न्याय और कानून के सच्चे प्रहरी के रूप में रेखांकित किया गया।

समारोह की अध्यक्षता करते हुए स्थायी लोक अदालत मथुरा की सदस्य प्रतिभा शर्मा ने कहा कि अधिवक्ता समाज में पीड़ितों की अंतिम उम्मीद होते हैं। न्याय दिलाने की प्रक्रिया में उनकी जिम्मेदारी केवल पेशे तक सीमित नहीं, बल्कि सामाजिक दायित्व से भी जुड़ी है।

श्रीकृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति के आंदोलन में देखो क्या नया हुआ।

वरिष्ठ अधिवक्ता सर्वेश कुमार शर्मा ने कहा कि वकालत एक चुनौतीपूर्ण पेशा है, जिसमें अधिवक्ता अपने ज्ञान, अनुभव और संवेदनशीलता के बल पर न्याय की लड़ाई लड़ते हैं। पूर्व बार अध्यक्ष अजीत तेहरिया और प्रदीप शर्मा ने कहा कि अधिवक्ताओं की भूमिका समाज में कानून के शासन को मजबूत करने की है।

वृंदावन बाल विकास परिषद के चेयरमैन नवीन चौधरी एडवोकेट ने कहा कि अधिवक्ताओं का संगठित और सशक्त होना ही न्याय व्यवस्था की असली ताकत है। मथुरा बार के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को मिला यह सम्मान संगठन की मजबूती और नई दिशा का प्रतीक है।

इस अवसर पर मथुरा बार के नवनिर्वाचित अध्यक्ष राघवेंद्र सिंह, सचिव मनोज कुमार शर्मा, कोषाध्यक्ष विनोद शर्मा, उपाध्यक्ष रामकृष्ण भारद्वाज, संयुक्त सचिव सुरेंद्र शर्मा और ऑडिटर देवकीनंदन शर्मा को प्रशस्ति पत्र भेंट कर एवं शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। साथ ही एक दर्जन वरिष्ठ अधिवक्ताओं का भी अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम में पुनीत शर्मा, ठाकुर हरि बल्लभ सिंह, अंकुर शर्मा, आनंद अग्रवाल, आकाश शर्मा, अभिषेक उदेनियां, संदीप शर्मा, भरत शर्मा, शिवकुमार लावनिया, श्वेता गोस्वामी, कृष्णवीर सिंह, पप्पी ठाकुर, अश्विनी शर्मा, शाहरुख, मयंक शर्मा, गोपाल खंडेलवाल, अमित ठाकुर, प्रियव्रत शर्मा, सुरेंद्र गौतम, मदन मोहन पांडे, भारत यादव, गजेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।