तीन हजार रुपये के रूट चार्ज से ई-रिक्शा चालकों की आजीविका पर संकट, मेयर को सौंपा ज्ञापन

आर्य अशोक शर्मा मथुरा।

नगर निगम क्षेत्र में ई-रिक्शा एवं ऑटो रिक्शा चालकों से लिए जा रहे तीन हजार रुपये के कथित रूट चार्ज को लेकर चालकों की आजीविका पर संकट का मुद्दा गरमाता नजर आ रहा है। सामने आया है। इसी को लेकर गुरुवार को चालकों की ओर से नगर निगम से तत्काल समाधान की मांग करते हुए मेयर को ज्ञापन सौंपा गया।

मेयर विनोद अग्रवाल को ज्ञापन देते हुए आर्य अशोक शर्मा

ज्ञापन चाणक्य संगठन के बैनर तले नगर निगम मथुरा वृंदावन के मेयर विनोद अग्रवाल को दिया गया। ज्ञापन में बताया गया कि रूट चार्ज की वर्तमान व्यवस्था स्पष्ट न होने के कारण चालक वर्ग आर्थिक और मानसिक दबाव में है, जिससे हजारों परिवार प्रभावित हो रहे हैं।

चाणक्य के राष्ट्रीय संयोजक आर्य अशोक शर्मा ने कहा कि इस विषय को लेकर संगठन द्वारा पूर्व में डिजिटल धरना भी आयोजित किया जा चुका है, ताकि प्रशासन का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकृष्ट किया जा सके। उन्होंने सुझाव दिया कि नगर निगम यदि रूट चार्ज की व्यवस्था को पारदर्शी बनाते हुए ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों माध्यमों से रसीद आधारित प्रणाली लागू करे, तो समस्या का स्थाई समाधान निकल सकता है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन का उद्देश्य शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से ई-रिक्शा एवं ऑटो चालकों को राहत दिलाना है। आर्य अशोक शर्मा ने उम्मीद जताई कि नगर निगम इस विषय पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगा।