दिलीप यादव वरिष्ठ पत्रकार
मथुरा 12 जनवरी
ब्रज की पावन भूमि एक बार फिर आस्था, पर्यावरण और सामाजिक चेतना के अनूठे संगम की साक्षी बनने जा रही है। श्री कृष्ण अहिरानी यदुवंशी बृजवासी परिवार एवं अखिल भारतवर्षीय यादव महिला सभा के संयुक्त प्रयास से 24 जनवरी को वृंदावन ब्रज परिक्रमा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है, जिसे लेकर यदुवंशी समाज में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
इस क्रम में मयूर विहार, कैलाश नगर रोड स्थित कैंप कार्यालय पर आयोजित बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। बैठक में स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर उनके बताए सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के मार्ग पर चलने का संकल्प भी लिया गया, जिससे आयोजन को वैचारिक ऊर्जा मिली।
सुदामा कुटी के शताब्दी महोत्सव में गूंजा श्रीकृष्ण जन्मभूमि को कब्जा मुक्त कराने का मुद्दा
बैठक के दौरान वृंदावन निवासी शिक्षाविद् व समाजसेविका अर्चना यादव को वृंदावन की अध्यक्ष तथा वृंदावन परिक्रमा यात्रा का सदस्य मनोनीत किया गया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए अर्चना यादव ने कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि ब्रज संस्कृति के संरक्षण और सामाजिक जागरण का प्रथम सशक्त प्रयास है। उन्होंने बताया कि देश की ख्यातिप्राप्त समाजसेविकाएं, आध्यात्मिक गुरु एवं कथावाचक इस परिक्रमा में सहभागिता करेंगे, जिससे बृजवासियों विशेषकर अहिराणी महिलाओं में उत्साह का नया संचार हुआ है।
परिक्रमा मार्ग में पर्यावरण संरक्षण को केंद्र में रखते हुए वृक्षारोपण किया जाएगा, वहीं यमुना प्रदूषण से मुक्ति के उद्देश्य से यमुना पूजन किया जाएगा। विश्व शांति और जनकल्याण की कामना के साथ भजन-कीर्तन करते हुए पूरी यात्रा सम्पन्न होगी। यह आयोजन आध्यात्मिक साधना के साथ सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी देगा।
महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष मीना यादव ने कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि यह यात्रा नारी शक्ति के नेतृत्व में समाज को सकारात्मक दिशा देने का प्रयास है। बैठक में जिला महासचिव वीना, अंकिता, आरती, नीतू, राम अवतार, सुनीता, राकेश यादव, पिंकी, प्रभा, सुमन यादव सहित अन्य पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए अपने सुझाव दिए। संचालन योग शिक्षिका वशिष्टा यादव ने किया।








