दिलीप यादव वरिष्ठ पत्रकार मथुरा
बरसाना। धर्मनगरी वृन्दावन में आगामी 24 जनवरी को भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीला स्थलियों से जुड़े यादव समाज के लोगों का एक विशाल समागम आयोजित होने जा रहा है। इस भव्य आयोजन और ‘वृन्दावन बृज परिक्रमा’ की तैयारियों को लेकर बरसाना में यादव समाज की एक आवश्यक बैठक संपन्न हुई, जिसमें समाज की एकजुटता और सांस्कृतिक संरक्षण पर जोर दिया गया।

बैठक की मुख्य विशेषता महिलाओं की भारी भागीदारी रही। बरसाना की दर्जनों महिलाओं ने न केवल बैठक में हिस्सा लिया, बल्कि आगामी 24 जनवरी को होने वाली परिक्रमा में पूरे उत्साह के साथ सम्मिलित होने का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम में अखिल भारत वर्षीय यादव महासभा की जिलाध्यक्ष पूनम यादव और महिला इकाई की महासचिव वीना यादव का जोरदार स्वागत किया गया। महिला पदाधिकारियों ने समाज की महिलाओं से अपनी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और धार्मिक आयोजनों में अग्रणी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के अध्यक्ष महेन्द्र प्रताप सिंह एडवकोट का जारी है संघर्ष
इस अवसर पर उपस्थित वरिष्ठ समाजसेवी प्रहलाद यादव ने कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “यह हमारे लिए गौरव का क्षण है कि देशभर के विभिन्न राज्यों, विशेषकर उन स्थानों से जहाँ भगवान श्रीकृष्ण की लीलाएं हुईं, वहां का यादव समाज एक साथ ब्रज की पावन धरा पर एकत्रित हो रहा है।” उन्होंने इसे समाज को जोड़ने और भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को जीवंत करने का एक बड़ा माध्यम बताया।
इनकी रही उपस्थिति
बैठक में मुख्य रूप से प्रिया, सुधा, सुनीता, पूनम, श्रीमती, गीता, सर्वेश, आशा, संतरा देवी, बिमलेश, हेमलता, पुष्पा, ऊषा, ब्रजवती और अल्का सहित समाज की कई गणमान्य महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के समापन पर नीतू यादव ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए आयोजन को ऐतिहासिक बनाने की अपील की।








