अर्चना टकसालिया, उप संपादक मथुरा
राया थाना क्षेत्र के ग्राम सारस की घटना, विरोध बना हत्या की वजह
तालाब किनारे मिला शव, तांचिया य बरामद
थाना राया क्षेत्र में पारिवारिक रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक जघन्य हत्याकांड सामने आया है। चाची से नाजायज संबंधों के चलते उपजे विवाद में भतीजे ने अपने ही चाचा की निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने इस अंधे हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी को हत्या में प्रयुक्त तांचिया (छोटी कुल्हाड़ी) के साथ गिरफ्तार कर लिया है।

एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि आरोपी रोहित (22 वर्ष) के अपनी चाची से अवैध संबंध थे, जिनका मृतक चाचा लगातार विरोध कर रहा था। बीते करीब तीन महीनों से इसी बात को लेकर घर में तनाव और कलह का माहौल बना हुआ था। चाचा का विरोध आरोपी को खटक रहा था और उसने उसे रास्ते से हटाने की ठान ली।
घटना का खुलासा करते हुए एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत ने जारी किया vdo
चार जनवरी 2026 की रात ग्राम सारस में पोखर के पास एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची थाना राया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई। मृतक के परिजनों की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने मौका पाकर तांचिया से चाचा पर जानलेवा हमला किया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शव को तालाब के किनारे फेंककर फरार हो गया।
थाना राया पुलिस टीम ने 5 जनवरी को राया–मथुरा रोड से यमुना एक्सप्रेसवे की ओर जाने वाले मार्ग पर मोड़ के पास से आरोपी रोहित को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर उसके घर के कमरे से हत्या में प्रयुक्त तांचिया भी बरामद कर ली गई। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1)/238 के तहत विधिक कार्रवाई की गई है।








