पंचायत  चुनाव से पहले खूनी संघर्ष, चुनावी रंजिश में युवक की हत्या से गांव में दहशत

मनोज चौधरी मथुरा

 

उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की भले ही अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन गांवों में सत्ता की लड़ाई अब सड़कों पर उतर आई है। मथुरा जिले के थाना जैत क्षेत्र के गांव नगला नेता में रविवार रात चुनावी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। फायरिंग की इस सनसनीखेज वारदात में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका सगा भाई गंभीर रूप से घायल है।

रविवार देर रात गांव नगला नेता में उस समय हालात बेकाबू हो गए, जब दो गुट आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई, फिर मारपीट शुरू हो गई और देखते ही देखते गोलियां चलने लगीं। फायरिंग में दो सगे भाई—अनिल और राधाकृष्ण—गोली लगने से लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां सिर में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल राधाकृष्ण ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

घटना स्थल पर जानकारी करती पुलिस टीम

घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। मृतक के घर पर कोहराम मचा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत चुनाव को लेकर गांव में लंबे समय से गुटबाजी चल रही थी और दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ता जा रहा था।

इस पूरे मामले पर एसपी सिटी राजीव सिंह ने बताया,

“प्रथम दृष्टया मामला चुनावी रंजिश से जुड़ा हुआ है। गांव में उदयवीर और नरेश के बीच पुराना विवाद चला आ रहा था। रविवार रात पहले दोनों पक्षों में मारपीट हुई, इसके बाद फायरिंग हुई, जिसमें राधाकृष्ण की मौत हो गई और उसका भाई अनिल घायल हुआ है। चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

राधाकृष्ण की मौत के बाद पुलिस ने गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है।