संस्कारों के साथ मनाया गया तुलसी दिवस, क्रिसमिस डे

अंकिता शर्मा मथुरा :

 

एस एफ स्ट्रीट स्कूल में उत्साह और संस्कारों के साथ मनाया गया क्रिसमस डे व तुलसी दिवस

मथुरा के ट्रांसपोर्ट नगर एवं श्यामकुंज स्थित एस एफ स्ट्रीट स्कूल में क्रिसमस डे एवं तुलसी दिवस हर्षोल्लास और सांस्कृतिक वातावरण में मनाया गया। स्ट्रेंजर फ्रेंड्स हेल्पिंग हैंड्स सोसाइटी द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों के चेहरों पर खुशी और उमंग साफ झलक रही थी।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने सांता क्लॉस के साथ नृत्य किया, खेलों में भाग लिया और सामूहिक रूप से “जिंगल बेल” गीत गाकर समां बांध दिया। बच्चों की हंसी और तालियों से विद्यालय परिसर आनंदमय हो गया। इस अवसर पर सांता क्लॉस और संस्था के सदस्यों द्वारा तुलसी पौधारोपण भी किया गया।

 

दिशा इंस्टिट्यूट ऑफ फैशन एंड टेक्नोलॉजी की डायरेक्टर श्रीमती शिखा बंसल ने तुलसी दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि तुलसी हमारे संस्कारों और संस्कृति की प्रतीक है, जो घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती है।

संस्था के संस्थापक श्री पियूष बंसल ने बच्चों को क्रिसमस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चों की मुस्कान और किलकारियां जीवन में नई ऊर्जा भर देती हैं। वहीं वरिष्ठ सदस्य श्री भारत अग्रवाल ने बताया कि इस मौके पर केक काटा गया और बच्चों को खाद्य सामग्री, टोपियां व अन्य उपहार वितरित किए गए।

उन्होंने जानकारी दी कि संस्था मथुरा के विभिन्न क्षेत्रों में झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले एवं शिक्षा से वंचित 500 से अधिक बच्चों को निःशुल्क शिक्षा प्रदान कर समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य कर रही है।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को स्वच्छता, भाईचारे, पर्यावरण संरक्षण और अच्छे संस्कारों का संदेश दिया गया। अंत में संस्था की सदस्य अंकिता शर्मा ने सभी अतिथियों, सहयोगकर्ताओं और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर राहुल, तुषार, कंचन सहित अनेक सदस्य एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।