मनोज चौधरी मथुरा
– मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण की नवागत उपाध्यक्ष ने कहा जनता से जुड़े सभी कार्य तय समय सीमा में पूरे किए जाएंगे
मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण की नवागत उपाध्यक्ष लक्ष्मी नागपन ने स्पष्ट किया है कि मथुरा में विकास और विरासत के बीच संतुलन बनाकर योजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा। अवैध कॉलोनियों और अनियंत्रित निर्माण पर पूरी तरह रोक लगेगी, वहीं भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

राजकीय संग्रहालय परिसर स्थित मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण कार्यालय सभागार में मंगलवार को मीडिया से संवाद करते हुए उपाध्यक्ष लक्ष्मी नागपन ने कहा कि मथुरा केवल एक शहर नहीं, बल्कि एक जीवंत आध्यात्मिक और सांस्कृतिक धरोहर है। यहां कार्य करने का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है। यह क्षेत्र संवेदनशील होने के साथ-साथ विशेष महत्व भी रखता है, इसलिए विकास कार्यों में विरासत संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में विकास परियोजनाओं में तेजी देखने को मिलेगी। विकास प्राधिकरण का सीधा संबंध आमजन से होता है, इसलिए जनता से जुड़े सभी कार्य तय समय सीमा में पूरे किए जाएंगे। कार्यों में लापरवाही या अनावश्यक परेशान करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उपाध्यक्ष ने बताया कि अवैध निर्माण, अवैध कॉलोनियों और खादर क्षेत्र में हो रहे निर्माणों का गंभीरता से अध्ययन कराया जाएगा। ऐसे सभी निर्माणों की सूची तैयार कर अवैध गतिविधियों को पूरी तरह रोका जाएगा। साथ ही जिन बिल्डरों या संस्थाओं पर विकास प्राधिकरण का बकाया है, उसकी वसूली भी सुनिश्चित की जाएगी।
इस अवसर पर विकास प्राधिकरण के सचिव आशीष कुमार सिंह भी उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि मथुरा में कार्यभार संभालने से पहले 2019 बैच की आईएएस लक्ष्मी नागपन कानपुर देहात में मुख्य विकास अधिकारी के पद पर तैनात थीं।








