महिला सुरक्षा पर बड़ा संदेश: 24 घंटे में आरोपी तक पहुँची पुलिस, मुठभेड़ में अंतर्राज्यीय दुष्कर्मी दबोचा गया

 

मोहित विश्वकर्मा, मथुरा

महिला अपराधों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए मथुरा पुलिस ने 24 घंटे के भीतर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। थाना कोतवाली क्षेत्र में दर्ज दुष्कर्म के मामले में वांछित अंतर्राज्यीय शातिर अपराधी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई न केवल पीड़िता को न्याय दिलाने की दिशा में अहम मानी जा रही है, बल्कि अपराधियों के लिए स्पष्ट चेतावनी भी है।

एसओजी प्रभारी राकेश कुमार की टीम और थाना कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने 25 दिसंबर को के.आर. डिग्री कॉलेज के पास चेकिंग के दौरान मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी की। बताया गया कि आरोपी ओमप्रकाश, जो 24 दिसंबर को एक महिला के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम देकर फरार था, इलाके में किसी का इंतजार कर रहा था। पुलिस ने जैसे ही उसे पकड़ने का प्रयास किया, आरोपी ने फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में हुई पुलिस मुठभेड़ में वह घायल हो गया।

घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, वहीं मौके से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मारुति एक्सप्रेसो कार, एक तमंचा और कारतूस बरामद किए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ओमप्रकाश न सिर्फ मथुरा बल्कि उत्तर प्रदेश और दिल्ली में भी दुष्कर्म जैसे संगीन अपराधों में संलिप्त रहा है।

आईपीएस आशना चौधरी ने बताया,  आरोपी के खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं और उसके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि महिला अपराधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे अपराधियों को कानून के शिकंजे में लाकर कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

यह कार्रवाई एक बार फिर साबित करती है कि मथुरा पुलिस महिला सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क है और अपराध चाहे जितना संगीन हो, आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा