यमुना एक्सप्रेस-वे पर घने कोहरे में भीषण हादसा, 13 की मौत, राहत व बचाव कार्य जारी

मथुरा, 16 दिसंबर 2025।

घने कोहरे और अत्यधिक कम दृश्यता के कारण मंगलवार तड़के यमुना एक्सप्रेस-वे पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। आगरा से नोएडा की ओर जा रहे वाहनों की माइलस्टोन संख्या 127 पर आपस में टक्कर हो गई। यह दुर्घटना रात्रि करीब 4.30 बजे हुई, जिसमें 7 बसें और 3 छोटी गाड़ियां शामिल रहीं। डॉक्टरों द्वारा किए गए प्रारंभिक परीक्षण में 13 व्यक्तियों की मृत्यु की पुष्टि हुई है।

घटना स्थल पर डीएम और एसएसपी

हादसे में घायल यात्रियों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रशासन ने बताया कि चार शवों की पहचान अभी नहीं हो सकी है, जिनकी डीएनए जांच कराकर परिजनों से संपर्क किया जा रहा है।

घायलों का हाल चाल पूछते डीएम और एसएसपी

 

दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस एवं यमुना एक्सप्रेस-वे की आपात सेवाएं मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। अन्य सुरक्षित यात्रियों को सरकारी वाहनों के माध्यम से उनके गंतव्य तक भिजवाया गया।

 

जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

 

हेल्पलाइन नंबर जारी

घटना से संबंधित किसी भी जानकारी अथवा सहायता के लिए जिला प्रशासन द्वारा कंट्रोल रूम नंबर 0565-2403200 जारी किया गया है। इसके अतिरिक्त अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. पंकज कुमार वर्मा के मोबाइल नंबर 9454417583, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत के मोबाइल नंबर 9454401103 तथा जिलाधिकारी मथुरा के मोबाइल नंबर 9454417512 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

 

प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि घने कोहरे के दौरान यात्रा करते समय विशेष सतर्कता बरतें और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें।