दिलीप कुमार यादव, वरिष्ठ पत्रकार
हर मोर्चे पर जातिगत समीकरण साध रही भाजपा
-भाजपा उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष के निर्वाचन में दिखा जातिगत समीकरण का खेल
-कुर्मी, यादव, जाट सहित कई जातियों को साधने का जतन
मथुरा । भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष के निर्वाचन की सरगर्मी लखनऊ में दिन भर तेज रहीं। महाराजगंज से सात बार के सांसद रहे पंकज चौधरी को अध्यक्ष बनाकर पार्टी ने कुर्मी समुदाय को संबल प्रदान किया है। उन्होंने शनिवार को लखनऊ में नामांकन किया और उनका चुना जाना तय है। प्रदेश अध्यक्ष के निर्वाचन में मथुरा से मांट क्षेत्र के विधायक राजेश चौधरी जाट एवं महानगर अध्यक्ष हरिशंकर उर्फ राजू यादव को प्रस्तावक बनाकर पार्टी ने अनूठे जातिगत समीकरणों को उजागर किया है।
लखनऊ में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष के निर्वाचन को लेकर पार्टी में संगठनात्मक गतिविधियाँ तेज हो गई हैं। कुर्मी जाति को साधने के लिहाज से साथ बार के सांसद एवं मंझे हुए नेता पंकज चौधरी को सूबे के भाजपा संगठन की कमान सोंपा जाना तय है। उनके नामांकन के समय खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई दिग्गज नेता एवं डिप्टी सीएम मौजूद रहे। हर जाति को मान, सम्मान और अहमियत देने का संदेश आम जन तक पहुंचाने के लिए प्रस्तावकों का चयन भी सोच समझ कर किया गया। प्रदेश अध्यक्ष के नामांकन में यादव जाति से मथुरा महानगर के अध्यक्ष हरिशंकर उर्फ राजू यादव एवं जाट समुदाय से मांट क्षेत्र के विधायक युवा कद्दावर नेता राजेश चौधरी को प्रस्ताव बनाया गया है। पार्टी हर जाति वर्ग को साथ लेकर चलने का काम कर रही है। उसी अनुरूप हर स्तर पर सभी को उचित प्रतिनिधित्व भी देने का ध्यान रखा जाता है। वैलैंस आफ पावर के सिद्धांत को पार्टी के नीति नियंता बखूबी निभाने का जतन कर रहे हैं।








