दुकान बंद कर लौट रहे युवक की हत्या, शव कुएँ में मिला

अनुज गुप्ता, मथुरा

दुकान बंद कर लौट रहे युवक की हत्या, शव कुएँ में मिला

— बरसाना थाना क्षेत्र में सनसनी, पुलिस ने जल्द खुलासे के आसार जताए

 

बरसाना (मथुरा)। थाना बरसाना क्षेत्र के डाहरौली गांव में गुरुवार देर रात 25 वर्षीय किराना व्यापारी महादेव की हत्या कर उसका शव कुएँ में फेंक दिया गया। शुक्रवार सुबह शव मिलने के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। घटना के तथ्य जुटाने में पुलिस जुटी है और जांच में महत्वपूर्ण सुराग मिलने का दावा कर रही है।

पुलिस के अनुसार महादेव रोज की तरह रात को दुकान बंद कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। रास्ते में अज्ञात व्यक्तियों ने उसे रोका, खेत की ओर ले गए और सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को खेत के पास बने कुएँ में फेंक दिया गया। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने कुएँ में शव देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे। थाना बरसाना पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

गांव वालों की मांग — जब 90% सुराग मिल चुके हैं, तो गिरफ्तारी तत्काल हो

ग्रामीणों ने हत्या को लेकर गहरा रोष जताया। उन्होंने कहा कि पुलिस यदि 90 प्रतिशत मामले की कड़ियां जोड़ चुकी है, तो आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए। ग्रामीणों का कहना है कि व्यापारी वर्ग लगातार निशाने पर है और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए।

 

एसएसपी श्लोक कुमार का बयान

एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया, “घटना गंभीर है। जांच में कई अहम सुराग मिले हैं और पुलिस लगभग   घटना की सच्चाई तक पहुँच चुकी है। बहुत जल्द आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।”

 

एसपी सुरेश चंद्र रावत की प्रतिक्रिया

एसपी सुरेश चंद्र रावत ने कहा, “तकनीकी जांच और मौके पर मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच अंतिम चरण में है। टीमें लगातार काम कर रही हैं। बहुत जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा। किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।”

 

पुलिस अब कॉल डिटेल, बीते दिनों के विवाद, और रूट मैप के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है। वहीं ग्रामीणों ने पुलिस से पारदर्शी और त्वरित कार्रवाई की मांग की है।