25000 के इनामी बदमाश पवन उर्फ यशवीर मुठभेड़ में घायल, असलाह व पिकअप बरामद
मथुरा। यमुना एक्सप्रेसवे पर सोमवार देर शाम एसओजी मथुरा और थाना बलदेव पुलिस की संयुक्त टीम ने 25 हजार रुपये के इनामी अंतर्जनपदीय शातिर लुटेरे एवं भाड़े पर हत्या करने वाले शूटर पवन उर्फ यशवीर उर्फ बंदर को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कार्रवाई के दौरान बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में दबोच लिया गया। मौके से भारी मात्रा में असलाह-कारतूस और बिना नंबर की बॉलरो पिकअप बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त पवन उर्फ यशवीर (26) निवासी बटपुरा थाना सहपाऊ, हाथरस, 30 जुलाई 2025 को मथुरा के थाना बलदेव क्षेत्र में हुई एक बुजुर्ग रघुवीर सिंह की हत्या का मुख्य आरोपी था। उस दिन रघुवीर सिंह अपने पुत्र उदयवीर की बीमारी के संबंध में जानकारी लेने जा रहे थे, तभी विनोद कुमार व उसके साथी पवन ने उन्हें गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया था। इस मामले में विनोद कुमार और उसकी पुत्री प्रीति पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि पवन काफी समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर एसएसपी मथुरा की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
सोमवार को पुलिस टीम को पवन के यमुना एक्सप्रेसवे पर अंडरपास (माइलस्टोन 140) के पास छिपे होने की सूचना मिली। घेराबंदी देखते ही बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया और दबोच लिया गया। उसके कब्जे से एक तमंचा .315 बोर, तीन जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और बिना नंबर प्लेट वाली बॉलरो पिकअप बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ मथुरा, आगरा और हाथरस में लूट, हत्या प्रयास, मारपीट और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। एसओजी प्रभारी राकेश कुमार समेत टीम को एसएसपी श्लोक कुमार ने बधाई दी है।









