हिंदू जिस दिन मिलकर ताली बजाएंगे, उसी दिन श्रीकृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति द्वार का खुल जाएगा ताला

मनोज चौधरी। वृंदावन से।

वृंदावन के प्रमुख संत गोविंदानंद तीर्थ ने कहा कि “हिंदू जिस दिन मिलकर ताली बजाएंगे, उसी दिन श्रीकृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति द्वार का ताला खुल जाएगा।” संत के.डी.एस. इंटरनेशनल स्कूल, मथुरा में धर्म यात्रा के स्वागत कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे।

श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति के लिए आए रथ को देखते संत महात्मा

यह धर्म यात्रा बद्रीनाथ से मथुरा तक चली थी और इसे श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के सहयोग से आयोजित किया गया था।

संत ने कहा कि सनातन धर्म की मूल व्यवस्था कर्म आधारित है, लेकिन सभी एक हैं। उनका इशारा सिख, जैन और बौद्ध धर्म के अनुयायियों की ओर था। उन्होंने जोर देकर कहा कि “हमें एकजुट होना होगा।”

संत ने सवाल उठाया कि “भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि, जिस पर मुगल काल में कब्जा हुआ, हमें अब भी वापस नहीं मिली, तो फिर कब मिलेगी?”

धर्म यात्रा के दौरान श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के अध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट ने कहा, “हम सत्य की लड़ाई लड़ रहे हैं। सत्य की हमेशा जीत होती है। जहां श्रीकृष्ण हैं, वहां सत्य और विजय है। हम सभी के सहयोग से इस लड़ाई में सफलता हासिल करेंगे और अपने गोविंद का घर बनाएंगे।”