श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण ही होगा विष्णु महाराज के जन्मदिवस का सबसे बड़ा उपहार : महेंद्र प्रताप सिंह

श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण ही होगा विष्णु महाराज के जन्मदिवस का सबसे बड़ा उपहार : महेंद्र प्रताप सिंह

श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के अध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह और चैतन्य महाप्रभु गौडिया मठ के संत भक्ति प्रसाद विष्णु महाराज

 

भक्ति प्रसाद विष्णु महाराज का 66वां अभिर्भाव महोत्सव गौड़िया मठ वृंदावन रोड आश्रम में धूमधाम से मनाया गया, भक्तों ने उठाया मंदिर निर्माण का संकल्प

श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के अध्यक्ष एवं श्रीकृष्ण जन्मभूमि शाही ईदगाह मस्जिद केस के हिंदू पक्षकार महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट

मनोज चौधरी। मथुरा

श्री चैतन्य महाप्रभु गौड़िया मठ, वृंदावन रोड आश्रम में मंगलवार को संत श्री भक्ति प्रसाद विष्णु महाराज का 66वां अभिर्भाव महोत्सव बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा समेत देश के विभिन्न भागों से आए सैकड़ों भक्तों ने भाग लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रीकृष्ण जन्मभूमि शाही ईदगाह मस्जिद केस के हिंदू पक्षकार एवं श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के अध्यक्ष एडवोकेट महेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि विदेशी आक्रांता औरंगजेब ने भगवान श्रीकृष्ण के मंदिर को तोड़कर जिस स्थान पर मस्जिद बनवाई थी, उसी वास्तविक जन्मभूमि पर पुनः श्रीकृष्ण का भव्य मंदिर निर्माण ही विष्णु महाराज के जन्मदिवस का सबसे बड़ा उपहार होगा।

उन्होंने कहा कि इस पवित्र उद्देश्य के लिए वह देश-विदेश में अभियान चला रहे हैं और दुनिया भर के हिंदुओं से उन्हें समर्थन मिल रहा है। सिंह ने कहा कि हम श्रीकृष्ण जन्मभूमि के वास्तविक गर्भगृह पर मंदिर निर्माण करवाकर ही दम लेंगे। कार्यक्रम में उपस्थित संतों, महात्माओं और भक्तों ने महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट की मांग का हाथ उठाकर समर्थन किया तथा मंदिर निर्माण आंदोलन में सक्रिय भागीदारी का संकल्प भी लिया।

अंत में श्री सिंह ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि की पवित्रता की पुनर्स्थापना के लिए हिंदू समाज को एकजुट करना समय की आवश्यकता है, और इसी दिशा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास सतत प्रयासरत है।